
Kasdol Death News: बलौदाबाजार जिले के कसडोल ग्राम खर्वे में पिछले तीन महीनों के भीतर आठ ग्रामीणों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है। ग्रामीण इसे महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश मान रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का एक किराना व्यापारी पहले लोगों से व्यवहार बनाता है और फिर उन्हें गोवा शराब पिलाता है, जिसके सेवन के बाद ही उनकी जान चली जाती है। इन गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने अब मामले की परतें उधेड़नी शुरू कर दी हैं।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ग्रामीणों ने कसडोल थाने ( Kasdol Death News) में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों के अनुसार, सभी मृतकों ने उक्त व्यापारी द्वारा दी गई शराब का सेवन किया था। गांव में अब यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि कहीं यह गड़े धन को पाने के लिए की गई बलि तो नहीं है? शनिवार को पुलिस ने एक माह पूर्व दफन किए गए मृतक महेतरू साहू के शव को कब्र से निकलवाकर फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम कराया। सोमवार को पुलिस ने प्रार्थी और आरोपी के बयान दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया है।
खर्वे की यह घटना फरवरी 2025 में बिलासपुर के लोफंदी गांव में हुए शराब कांड की याद दिलाती है, जहां आठ लोगों की मौत के बाद मामला सामने आया था। (Chhattisgarh News ) वहां भी शुरुआती जांच में इसे सामान्य बीमारी बताया गया था, लेकिन बाद में जहरीली शराब की पुष्टि हुई थी। खर्वे मामले में भी अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
फिलहाल इस घटना से गांव की गलियों में भी चर्चा आम हो चला है कि कही गड़े धन को पाने के लिए 21 मौतों का सौदा कर घटना को लगातार अंजाम तो नहीं दिया जा रहा था। हालांकि, पुलिस इसे वैज्ञानिक और आपराधिक दृष्टिकोण से देख रही है कि क्या शराब में जानबूझकर कोई धीमा जहर (स्लो पॉइजन) या कीटनाशक मिलाया जा रहा था।
एसडीपीओ कौशल किशोर वासनिक ने बताया कि ग्राम खर्वे में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों के मामले में जांच की जा रही है। ग्रामीणों की शिकायत पर एक शव को कब्र से निकालकर फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।