
कुसमी। 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने कुसमी-जशपुर मुख्य मार्ग पर एक बार फिर आवागमन व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। गलफुल्ला नदी के इंटकवेल के पास स्थित पुरानी पाइप वाली पुलिया तेज बहाव की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त (Bridge washed away in Kusmi) हो गई है। बारिश के दौरान जलस्तर इतना बढ़ गया कि पुलिया के ऊपर लगभग 10 फीट तक पानी बहता रहा। पानी उतरने के बाद भी तेज धारा के कारण पुलिया के कई हिस्सों में कटाव हो गया है और अंदर लगी सरिया तक बाहर आ गई है। दोनों ओर के एप्रोच रोड बह जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। इस वजह से भारी वाहनों और यात्री बसों की आवाजाही बंद कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की है।
बलरामपुर कलेक्टर (Balrampur Collector) के निर्देश पर कुसमी तहसीलदार रॉकी एक्का मौके पर पहुंचे और लोक निर्माण विभाग की मदद से अस्थायी मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। जेसीबी मशीनों की सहायता से पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्सों में बालू और मिट्टी भरकर मार्ग को आंशिक रूप से चालू करने का प्रयास देर शाम तक जारी रहा। फिलहाल छोटे वाहनों को सावधानीपूर्वक निकाला जा रहा है।
लेकिन भारी वाहनों के दबाव से पुलिया को और नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो ने लोगों से अपील की है कि मरम्मत कार्य पूरी तरह सुरक्षित होने तक पुलिया से आवागमन न करें और नदी-नालों के तेज बहाव के दौरान जोखिम न लें। प्रशासन ने कहा है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुलिया वर्षों पुरानी है और इसके स्थान पर बड़े पुल की मांग लंबे समय से की जा रही है। हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है और मार्ग कई दिनों तक बाधित रहता है, जिससे कुसमी-जशपुर आवागमन प्रभावित होता है। इसके बावजूद अब तक स्थायी पुल निर्माण की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यह मुद्दा हर साल खबरों में सुर्खियां तो बनता है, लेकिन धरातल पर समाधान आज तक नहीं दिखा। बारिश शुरू होते ही यह मार्ग फिर से संकट (Road crisis) में आ जाता है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है।
पुलिया की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने दोनों ओर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक भारी वाहनों और बसों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, क्योंकि इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। कुसमी से जशपुर आने-जाने वाले वाहन कसमार-सिविलदाग-नवडीहा मार्ग से अंबिकापुर-कुसमी मुख्य मार्ग (Ambikapur-Kusmi Road) का उपयोग कर सकते हैं। जबकि जशपुर से कुसमी आने वाले वाहन नीलकंठपुर से कटीमा-दर्रीपारा मार्ग से प्रवेश कर सकते हैं।