CG Big scam: जल संसाधन विभाग क्रमांक-2 के ईई ने मार्च 2023 में थाने में दर्ज कराई थी रिपोर्ट, भू-अर्जन की शासकीय राशि का किया था गबन, 1 वर्ष से चल रहा था फरार
रामानुजगंज. जल संसाधन विभाग क्रमांक-2 रामानुजगंज में 8 करोड़ 87 लाख 54 हजार 524 रुपए की शासकीय राशि के गबन मामले (CG Big scam) में पुलिस ने तात्कालीन एसडीओ को रायगढ़ से गिरफ्तार किया है। वह पिछले 1 वर्ष से फरार चल रहा था। पुलिस ने सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी ने भू-अर्जन की राशि को कार्यालय में पदस्थ अन्य कर्मचारियों के सहयोग से निजी खातों में जमा कर गबन कर लिया था। मामले की रिपोर्ट ईई द्वारा मार्च 2023 में रामानुजगंज थाने में दर्ज कराई गई थी।
बलरामपुर जिला स्थित जल संसाधन विभाग क्रमांक-2 रामानुजगंज के कार्यपालन अभियंता एनसी सिंह द्वारा 17 मार्च 2023 को तात्कालीन एसडीओ एवं प्रभारी कार्यपालन अभियंता तथा अन्य के खिलाफ (CG Big scam) रामानुजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इसमें बताया गया था कि तात्कालीन एसडीओ संजय कुमार ग्रायकर व अन्य द्वारा भू-अर्जन की राशि 8 करोड़ 87 लाख 54 हजार 524 रुपए (CG Big scam) को व्यक्तिगत खातों में गैर नियमावली व अनियमित तरीके से जमा कर गबन कर लिया गया है। रिपोर्ट पर रामानुजगंज पुलिस ने आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 409, 120 (बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था।
मामले की जांच में ये बात सामने आई कि तात्कालीन एसडीओ संजय कुमार ग्रायकर द्वारा एक संगठित ग्रुप बनाकर अपने कार्यालय के अन्य सहकर्मियों के साथ अपने पदीय प्रभाव का दुरुपयोग किया गया है।
उसके द्वारा मार्च 2022 से मई 2022 तक भू-अर्जन की शासकीय राशि को निजी व्यक्तियों के खातों में गैर वित्तीय तरीके से जमा कर गबन (CG Big scam) कर लिया गया है। पुलिस को ये जानकारी विभिन्न विभागों से प्राप्त दस्तावेजों व विभिन्न फर्मों से मिली जानकारी के आधार पर मिली।
आरोपी 1 वर्ष से फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा उसकी खोजबीन की जा रही थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वह रायगढ़ क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तात्कालीन एसडीओ को हिरासत में लेकर रामानुजगंज थाने पहुंची।
पूछताछ में आरोपी (CG Big scam) ने अपने हस्ताक्षर से शासकीय राशि का आहरण कर अनुचित व्यय, बगैर कार्य कराए अनुचित भुगतान, एचआर मद से अधिक राशि का आहरण तथा विभिन्न फर्मों व ठेकेदारों को कूटरचना कर शासकीय राशि का अवैध रूप से भुगतान करना स्वीकार किया।
इस पर पुलिस ने आरोपी संजय कुमार ग्रायकर पिता भरतलाल ग्रायकर, निवासी रेलवे बंगला, जगरनाथ मंदिर के पास रायगढ को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई (CG Big scam) में रामानुजगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी, एएसआई अश्विनी सिंह, प्रधान आरक्षक नारायण तिवारी, विकास कुजूर, अजेश पाल, जगमोहन तिर्की व कैलाश यादव शामिल रहे।