CG Patwari Transfer: बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती के मामलों के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।
CG Patwari Transfer: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती के मामलों के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा ने एक साथ 58 पटवारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। प्रशासन के इस फैसले को राजस्व व्यवस्था में कसावट लाने और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार राजपुर, रामानुजगंज, कुसमी, वाड्रफनगर, शंकरगढ़, रघुनाथनगर और बलरामपुर समेत कई तहसीलों में पदस्थ पटवारियों का एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरण किया गया है। इनमें से कई पटवारी लंबे समय से एक ही जगह पर कार्यरत थे, जिन्हें अब अन्य क्षेत्रों में भेजा गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि यह फैसला राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने, कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने और लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों के कारण उत्पन्न हो रही प्रशासनिक ढिलाई को खत्म करने के उद्देश्य से लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक हाल ही में जिले के अलग-अलग इलाकों में अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आए थे। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर राजस्व अमले की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे थे। इसी के चलते जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए राजस्व विभाग में यह बड़ा फेरबदल किया है।
एक साथ बड़ी संख्या में पटवारियों के तबादले को जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और निगरानी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि राजस्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।