होली के 2 दिन पूर्व अपनी बेटी को लेने पहुंची थी उसके ससुराल, मां के घर लौट जाने पर होली के दिन पत्नी ने मायके जाने की पकड़ ली थी जिद
वाड्रफनगर. त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी में होली के दिन एक नवविवाहिता ने अग्निस्नान कर लिया। उसे गंभीर हालत में वाड्रफनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दरअसल मृतिका की मां होली के दो दिन पहले उससे मिलने आई थी। मृतिका ने पति को मायके जाने की बात कही तो उसने होली के बाद जाने की बात कहकर सास को वापस भेज दिया।
फिर होली के दिन मृतिका फिर मायके जाने की जिद करने लगी तो पति होली के बाद जाने की बात कहकर घर से कुछ सामान खरीदने वापस चला गया। इधर नाराज पत्नी ने घर में मिट्टी तेल छिड़क कर आग लगा ली थी।
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना अंतर्गत ग्राम मितगई निवासी उषा उइके पिता रामनारायण उइके का विवाह एक वर्ष पूर्व त्रिकुंडा थाना अंतर्गत ग्राम धमनी कृष्णनगर निवासी रामजल के साथ हुआ था। अभी होली के दो दिन पूर्व उषा की मां उससे मिलने आई हुई थी। इस पर उषा ने पति से होली में मायके जाने को कहा, लेकिन रामजल ने उसे होली के बाद मायके जाने की बात कहकर सास को वापस घर भेज दिया।
फिर होली के दिन २ मार्च को उषा फिर से मायके जाने की जिद करने लगी तो पति ने उसे कहा कि होली के बाद चले जाना। ऐसा कहकर वह कुछ सामान लेने बाजार चला गया। इस बात से नाराज होकर उषा ने घर में मिट्टी तेल छिड़क कर आग लगा ली। परिजन ने किसी तरह आग बुझाकर उसे वाड्रफनगर के अस्पताल लाया। इस घटना की सूचना मिलने पर वाड्रफनगर पुलिस अस्पताल पहुंची।
पुलिस मृतिका का बयान ले पाती कि इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में तहसीलदार की उपस्थिति में शव का पंचनामा हुआ। इसके बाद पुलिस ने पीएम कराकर शव परिजन को सौंप दिया। वाड्रफनगर पुलिस द्वारा जीरो में मामला कायम कर फाइल त्रिकुंडा पुलिस को भेज दी है। त्रिकुंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है।