बार्डर पर बनेंगे चेकिंग पोस्ट, 24 घंटे होगी वाहनों की सघन जांच, हर तरह की गतिविधियों पर रखी जाएगी पैनी नजर
वाड्रफनगर. आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाकर विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने शुक्रवार को वाड्रफनगर के विश्राम गृह में पुलिस अधिकारियों की इंटरस्टेट मीटिंग हुई। इसमें छत्तीसगढ़ के साथ ही उत्तरप्रदेश व छत्तीसगढ़ के सरहदी थाना क्षेत्र के अधिकारियों ने शामिल होकर चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था हेतु संयुक्त रणनीति बनाई।
बैठक में यह तय किया गया कि सरहदी क्षेत्र पर चेकिंग पोस्ट लगाकर 24 घंटे वाहनों की जांच के साथ ही हर तरह की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि चुनाव में कोई बड़ी घटना न हो सके।
विधानसभा चुनाव 2018 में शांतिपूर्ण मतदान कराने एवं अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वाड्रफनगर के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में पुलिस अधिकारियों की अंतरराज्यीय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें उत्तरप्रदेश व छत्तीसगढ़ के सरहदी थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में चुनाव हेतु सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संयुक्त रणनीति बनाई गई। इसमें पहली प्राथमिकता बॉर्डर क्षेत्र में चेकिंग पोस्ट लगाकर वाहनों की 24 घंटे जांच, चुनाव को प्रभावित करने वाले सभी अवैध वस्तु पर रोक, अन्य राज्यों की पुलिस के सहयोग से स्थायी वारंटियों की धरपकड़ तथा सरहदी क्षेत्रों में लगातार गश्त करने की रणनीति बनी।
बैठक में ये ऑफिसर हुए शामिल
बैठक में वाड्रफनगर तहसीलदार मायानंद चंद्रा, एसडीओपी वाड्रफनगर अविनाश सिंह ठाकुर, एडिशनल एसपी सोनभद्र सुनील कुमार बिश्नोई, राकेश कुमार एसडीओपी प्रतापपुर, अनुरंजन लकड़ा टीआई बसंतपुर, रघुवीर सिंह ठाकुर चंदौरा, एसके पांडेय चौकी रेवटी, जय सिंह मरावी त्रिकुण्डा,
विनोद पासवान रघुनाथनगर, धनु राम चंद्रवंशी, चौकी प्रभारी वाड्रफनगर सुनील तिवारी, सीपी तिवारी बलंगी, लालता प्रसाद यादव थाना बभनी, रामबचन यादव थाना दुद्धी सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।