कुछ दिन में ही आरक्षक की होने वाली थी शादी, Duty से लौटते सड़क हादसे में हो गई मौत

ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने होने वाले साले व उसके दोस्त के साथ बाइक से लौट रहा था वापस, रास्ते में पेड़ से टकरा गई थी बाइक
2 min read
• •
Updated: 17 Jan 2017, 12:48 PM IST
dead body of constable
dead body of constable
बासेन.
तातापानी महोत्सव से ड्यूटी खत्म करने के बाद आरक्षक अपनी बाइक से होनेवाले साले व एक अन्य युवक के साथ सोमवार की रात ससुराल लौट रहा था। रास्ते में ग्राम डौरा से लगे लालमाटी के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में आरक्षक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार अन्य 2 युवक घायल हो गए।


आरक्षक की कुछ ही दिन में शादी होने वाली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा व पीएम पश्चात शव को आरक्षक के गृहग्राम भिजवाया। आरक्षक की मौत से गांव में मातम पसर गया है।


बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम खटवाबरदर निवासी लाजरूस एक्का पिता तपेश्वर एक्का 26 वर्ष चलगली थाना में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। उसकी ड्यूटी तातापानी महोत्सव में लगी थी। सोमवार की रात ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपने होने वाले ससुराल ग्राम पंचायत कोदौरा के चेंद्राकठरा लौट रहा था।


बाइक में उसका होने वाला साला और एक अन्य युवक भी सवार थे। करीब 10-11 बजे वे डौरा चौकी अंतर्गत ग्राम लालमाटी के पास पहुंचे ही थे कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। हादसे में आरक्षक का चेहरा पेड़ से टकराकर बूरी तरह कुचल गया, इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक में बैठे अन्य दोनों युवक भी घायल हो गए।


वहां से गुजर रहे लोगों द्वारा तत्काल सभी को राजपुर अस्पताल लाया गया और चलगली पुलिस को सूचना दी गई। वहीं सूचना मिलते ही पस्ता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पंचनामा पश्चात आरक्षक के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया।


शादी की खुशियां मातम में बदलीं

आरक्षक का शव जैसे ही उसके गृहग्राम खटवाबरदर पहुंचा वहां परिजनों के रोने का ठिकाना नहीं रहा। आरक्षक की मौत से गांव में भी मातम पसर गया। आरक्षक की कुछ ही दिनों बाद शादी होने वाली थी। घर के लोग शादी की तैयारियों में भी जुटे थे लेकिन यह खुशियां भी मातम में बदल गईं। चलगली टीआई व अन्य स्टाफ भी फिलहाल गांव में ही मौजूद हैं।

Published on: