
रामायण देखने गए लोगों को नहीं मिला 3D शो (Photo Source- Twitter/avikagram)
Ramayana in Theatre technical glitch: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और सुपरस्टार यश की मुख्य भूमिकाओं से सजी मेगा-बजट फिल्म 'रामायण' (Ramayana) आखिरकार 5 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है, और सिनेमाघरों के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लेकिन, इस भव्य शुरुआत के एक वी बीच नवी मुंबई से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों के उत्साह को गुस्से में बदल दिया। तकनीकी खराबी के चलते थिएटर में जमकर अफरा-तफरी मची और लोगों ने मैनेजमेंट के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।
जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है उससे मिली जानकारी के अनुसार, यह वीडियो नवी मुंबई के सीवुड्स स्थित सिनेपोलिस (Cinepolis) मॉल के आईमैक्स थिएटर का बताया जा रहा है। जहां फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों को भारी तकनीकी गड़बड़ी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर एक्टिव कंटेंट क्रिएटर 'अवि का ग्राम' ने इस पूरी घटना का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें थिएटर के अंदर भारी हंगामा और दर्शक थिएटर स्टाफ के साथ तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं।
पीड़ित दर्शकों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उन्होंने खास तौर पर रामायण फिल्म को 3D में देखना चाहते थे। जिस वजह से उन्होंने आईमैक्स में 1,000 से 1,500 रुपये तक के महंगे टिकट खरीदे थे। कुछ लोग तो सुबह-सुबह दूर-दराज के इलाकों से फिल्म देखने आए थे। लेकिन जब शो शुरू हुआ, तो पहले तो फिल्म 3D में चलाई ही नहीं गई और जब उसे ठीक करने की कोशिश की गई, तो अचानक फिल्म बीच में ही पॉज (रोक) दी गई। बार-बार आ रही तकनीकी बाधाओं के कारण सिनेमा हॉल में अफरा-तफरी मच गई।
विवाद बढ़ने पर थिएटर के स्टाफ ने दर्शकों को समझाने की कोशिश की और उनके टिकट के पैसे रिफंड करने के साथ-साथ दूसरे शो के टिकट देने का प्रस्ताव भी रखा। लेकिन, दर्शक इस बात से नाराज थे कि वह सामान्य शो के लिए नहीं बल्कि 'आईमैक्स 3D' के खास विजुअल स्पेक्टैकल के लिए आए थे। आखिर में कई निराश दर्शकों के पास मजबूरन फिल्म को सामान्य 2D फॉर्मेट में देखने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचा था।
वीडियो के आखिर में दर्शकों और कंटेंट क्रिएटर ने फिल्म के मेकर्स और थिएटक के मैनेजमेंट टीम से अपील की है कि वे इस तकनीकी लापरवाही पर तुरंत ध्यान दें, ताकि बड़े बजट की ऐसी फिल्मों का आनंद लेते समय आम दर्शकों को इस तरह की मानसिक परेशानी और आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।
बता दें, रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म रामायण का पहला पार्ट आज यानी 5 नवंबर 2026 को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हो गया है। इस पल का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, महंगी टिकट और बड़े मेगा बजट में बनी इस फिल्म का क्रेज लोगों में साफ देखा जा सकता है और यही वजह है कि लोगों का मेकर्स और मैनेजमेंट पर गुस्सा फूट पड़ा।
Updated on:
5 Nov 2026, 12:28 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 12:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.