
Lara Dutta On Kaikeyi Role in Ramayana: फिल्म 'रामायण' (Ramayana) आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त हाइप और शानदार एडवांस बुकिंग देखने को मिल रही है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे सितारों से सजी इस पौराणिक गाथा को दर्शकों और समीक्षकों से पॉजिटिव रिएक्शन मिल रहे हैं। इस बीच, फिल्म में 'माता कैकेयी' का अहम और जटिल किरदार निभाने वाली मशहूर अभिनेत्री लारा दत्ता (Lara Dutta) ने पर्दे पर अपने इस सफर को लेकर एक बेहद भावुक पोस्ट किया है। जो तेजी से वायरल हो रहा है।
लारा दत्ता ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर माता कैकेयी को लेकर पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कैकेयी के रुप में अपने लुक की कई शानदार तस्वीरें डाली और लिखा कि यह किरदार निभाना उनके लिए किसी दिली इच्छा के सच होने जैसा है। साथ ही उन्होंने कहा कि वो एक ऐसी कहानी में अपना स्थान पा रही है जो अनंत काल तक अमर रहेगी।
लारा दत्ता ने लिखा, "यह सफर कई साल पहले एक दिली इच्छा के तौर पर शुरू हुआ था… खुद से बड़ी किसी चीज का हिस्सा बनने की। कुछ ऐसा जो समय से भी परे हो। एक ऐसी मां का रोल निभाना कितना बड़ा सौभाग्य है, जिसे शायद इतिहास की सबसे गलत समझी गई औरतों में से एक माना गया है। उसकी इंसानियत को ज़िंदा करने की जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई- उसका गुस्सा, उसकी कमजोरियां, उसका अपराधबोध और उसका पछतावा।"
लारा दत्ता ने आगे कहा कि कैकेयी वह महिला थीं जिन्होंने इतिहास का रुख बदल दिया, या शायद उसे उसी रास्ते पर पहुंचा दिया जिस पर उसे हमेशा से जाना था। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वह सदियों पुरानी पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर इस दिव्य कथा में कैकेयी की भूमिका और उनके त्याग को गहराई से समझें। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने उन पर भरोसा जताया। अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि काश वे आज इस पल को देखने के लिए उनके साथ होते।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' अपने भव्य सेट, शानदार वीएफएक्स और दमदार स्टार कास्ट के चलते लगातार सुर्खियों में है। फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) के अलावा रवि दुबे, सनी देओल और रकुल प्रीत सिंह जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। शुरुआती ऑडियंस के रिएक्शन बेहद शानदार रहे हैं और दर्शक इसके विजुअल्स तथा कलाकारों के अभिनय की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
Updated on:
5 Nov 2026, 11:39 AM IST
Published on:
5 Nov 2026, 11:01 AM IST
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.