Balrampur News: बलरामपुर जिले में श्रावस्ती लोकसभा सीट से सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा बकरीद की बधाई देने निकले थे। उनके काफिले की 10 गाड़ियों का गलत तरीके से सड़क के किनारे खड़ा करने पर पुलिस ने चालान कर दिया।
Balrampur News: श्रावस्ती लोकसभा सीट से सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा बलरामपुर जिले के उतरौला क्षेत्र में बकरीद की बधाई देने गए थे। काफिले में सपा के पूर्व विधायक के अलावा कई दिग्गज नेता शामिल थे। बताया जाता है कि सड़क के किनारे गलत तरीके से गाड़ियां खड़ी कर दी गई। जिसको लेकर उतरौला पुलिस ने उनके काफिले की 10 गाड़ियों का चालान कर दिया।
Balrampur News: श्रावस्ती से समाजवादी पार्टी के सांसद राम शिरोमणि वर्मा और उनके सहयोगियों के वाहन चालकों को नियम के खिलाफ काम करना भारी पड़ गया। सांसद के वाहनों के काफिले में शामिल पूर्व विधायकों के वाहनों को सड़क की पटरी पर खड़ा करना महंगा पड़ गया।
पुलिस ने सांसद के काफिले में शामिल दस वाहनों का चालान कर दिया। इसके बाद सांसद के साथ पहुंचे उनके समर्थकों ने काफी प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने इनकी कोई बात नहीं सुनी।
सपा सांसद के काफिले में शामिल जिन गाड़ियों का पुलिस ने चालान किया है। उनमें पूर्व विधायक मशहूद खां, राम सागर अकेला, सपा प्रदेश सचिव ओंकार नाथ पटेल, सपा के विशेष आमंत्रित सदस्य तव्वक्ल हुसैन रिजवी, सपा नेता परवेज उमर, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा बहलोल नियाजी, जिला पंचायत सदस्य शाकिर महसूद, जिला पंचायत सदस्य राम दयाल यादव, पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉ. भानु त्रिपाठी समेत 10 सपा नेताओं के वाहन शामिल हैं।
पुलिस द्वारा काफिले की गाड़ियों का चालान किए जाने से नाराज सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने कहा कि त्योहार पर लोगों को बधाई देने पर भी अप्रत्यक्ष रूप से रोक लगाई जा रही है। अभी वह अपनों को बधाई दे रहे हैं। इसके बाद कार्रवाई की जानकारी करेंगे।
प्रभारी निरीक्षक उतरौला का कहना है कि चौराहे पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किये गये थे। जिससे आमजन को काफी दिक्कत हो रही थी। जांच में आया कि वाहन को ऐसे खड़ा किया गया कि जिससे जाम लग जाये। नागरिकों को दिक्कत हो रही थी। इससे सांसद लिखे दो वाहनों को छोड़कर बाकी का चालान कर दिया गया।