बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर का दामाद कौशांबी जेल से रिहा होते ही बलरामपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी से पहले जेल के बाहर भारी फोर्स लगाई गई थी। जेल के बाहर उसकी पत्नी भी मौजूद थी।
बलरामपुर जिले के तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन की हत्या के मामले में कौशांबी जेल में बंद सपा के पूर्व सांसद रिजवान जहीर का दामाद जैसे ही रिहा होकर जेल से बाहर निकाला। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसकी पत्नी वीडियो बनाती रही।
बलरामपुर जिले के तुलसीपुर थाने के भंगहा कला के रहने वाले पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद रमीज नेमत को बलरामपुर पुलिस ने कौशांबी पुलिस की सहयोग से जेल से बाहर रहा होते ही गिरफ्तार कर लिया। तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की उनके घर के पास हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर समेत उसके दामाद रमीज नेमत को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा कई और मामलों में रमीज के खिलाफ केस दर्ज हैं। बलरामपुर प्रशासन ने वर्ष 2023 में रमीज नेमत की संपत्ति भी कुर्क कर ली थी। पुलिस की गिरफ्तारी से पहले आरोपी की पत्नी जेबा ने जेल के बाहर पति का मोबाइल से वीडियो बनाया है। उसे डर सता रहा है कि कहीं पुलिस उसके पति का एनकाउंटर न हो जाए।
बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि रमीज नेमत पर उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए गिरोहबंद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम कौशांबी भेजी गई थी। वहां से रमीज नेमत को गिरफ्तार किया गया है। तुलसीपुर थाने लाकर उससे अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली गई है। साथ ही उसका चिकित्सीय परीक्षण कराकर जेल भेज दिया गया है। अन्य कार्रवाई की जा रही है।