बांदा

भीगा भीगा है समां…गाने पर अस्पताल के OT में बनाई ठुमके लगाकर रील, प्रसव पीड़ा से कराहती रही महिला

Banda hospital OT reel viral : बांदा में महिला सर्जन ने ऑपरेशन थिएटर में REEL बनाई, जबकि उसी समय ऑपरेशन टेबल पर लेटी महिला प्रसव पीड़ा से कराहती रही।

2 min read
Jan 25, 2026
तस्वीर डॉ. नीलम सिंह की है, जिन्होंने ओटी में रील बनाई, PC- Instagram

बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से चिकित्सा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला सर्जन ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) में डांस करते हुए रील बनाई, जबकि उसी समय ऑपरेशन टेबल पर लेटी महिला प्रसव पीड़ा से कराहती रही। डॉक्टर और नर्सों के मनोरंजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।

यह वीडियो बांदा के अवनी परिधि अस्पताल का बताया जा रहा है, जो रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज से संबद्ध है। वायरल वीडियो में अस्पताल की गायनी सर्जन डॉ. नीलम सिंह अपने मेडिकल स्टाफ के साथ बॉलीवुड के गाने ‘भीगा-भीगा है समां’ पर डांस करती नजर आ रही हैं। सभी स्टाफ सर्जिकल ग्लव्स और मास्क पहने हुए हैं, जबकि पास ही ऑपरेशन टेबल पर एक महिला मरीज सफेद चादर ओढ़े लेटी हुई दिखाई दे रही है।

ये भी पढ़ें

मणिकर्णिका घाट पर जाने को अड़ा सपा का प्रतिनिधिमंडल, सांसद वीरेंद्र सिंह की पुलिस से नोकझोंक

‘वेटिंग फॉर बेहोशी वाले’ कैप्शन ने बढ़ाया विवाद

डॉ. नीलम सिंह ने इस रील को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा, ‘वेटिंग फॉर बेहोशी वाले’, जिससे साफ होता है कि ऑपरेशन से पहले एनेस्थेसियोलॉजिस्ट का इंतजार किया जा रहा था। इसी दौरान मरीज लेबर पेन से तड़पती रही और डॉक्टर-स्टाफ रील बनाते रहे।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यूजर्स ने इसे मरीज की जान से खिलवाड़ बताते हुए डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कई लोगों ने कहा कि ऑपरेशन थिएटर मनोरंजन या सोशल मीडिया कंटेंट के लिए नहीं, बल्कि मरीज की जान बचाने के लिए होता है। यह मामला चिकित्सा नैतिकता और पेशेवर जिम्मेदारी की गंभीर अनदेखी है।

डॉ. नीलम सिंह ने सोशल मीडिया से हटाई पोस्ट

मामला तूल पकड़ता देख डॉ. नीलम सिंह ने इंस्टाग्राम से वीडियो डिलीट कर दिया। हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बावजूद इसके, मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अस्पताल प्रबंधन ने जांच के दिए आदेश

अवनी परिधि अस्पताल के निदेशक अज्ञात गुप्ता ने बताया कि महिला का ऑपरेशन के जरिए प्रसव किया जाना था और एनेस्थेसियोलॉजिस्ट का इंतजार हो रहा था। इसी दौरान रील बनाई गई। उन्होंने कहा, 'मामले को गंभीरता से लिया गया है। इसकी बारीकी से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।'

संविदा पर तैनात थीं महिला सर्जन

जानकारी के मुताबिक, डॉ. नीलम सिंह की तैनाती अस्पताल में संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर की गई थी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

ये भी पढ़ें

कौन है बर्थ-डे गर्ल अंशिका…जिसके सामने DSP-दरोगा ने उतारे कपड़े, युवक को मारी थी गोली

Published on:
25 Jan 2026 08:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर