
बांदा. बहुजन समाज पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाए जाने के बाद से ही पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मायावती के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। बहुजन समाज पार्टी के जनक कहे जाने वाले संगठन डीएस-4 के विकल्प का बांदा में भी ऐलान कर दिया गया। कुछ समय पहले तक बीएसपी के दिग्गज नेता और बीएसपी से निष्कासन के बाद राष्ट्रीय बहुजन मोर्चा बनाकर नसीमुद्दीन ने कथित कांशीराम के मिशन को पुनर्जीवित करने का फैसला बांदा में आयोजित अपने पहले कार्यकर्त्ता सम्मलेन में किया।
नसीमुद्दीन ने बनाया संगठन
बीएसपी के पूर्व कद्दावर नेता नसीमुद्दीन सिद्दकी अपने गृह जनपद में पहुंचे, जहां शहर में कई जगहों पर उनका लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। जिसके लिए उन्होंने लोगों को आभार जताया। इसके बाद वो शहर के एक मैरिज हाल में आयोजित कार्यकर्त्ता सम्मलेन में पहुंचे। इस कार्यकर्त्ता सम्मलेन में हजारों की तादात में लोग मौजूद रहे। आपको बता दें कि बहुजन समाज पार्टी से निकाले जाने के बाद नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने किसी और पार्टी में जाने की जगह डीएस-4 के पैटर्न पर संगठन बनाया है। राष्ट्रीय बहुजन मोर्चा के नाम से बने इस संगठन में बीएसपी के कई दिग्गज नेता जुड़ चुके हैं। माना जा रहा है कि नसीमुद्दीन की इस घोषणा से बीएसपी सुप्रीमो मायावती को निश्चित तौर पर एक बड़ा झटका लगेगा।
मायावती ने कांशीराम के मिशन को किया बर्बाद
कार्यकर्ता सम्मलेन में नसीमुद्दीन ने यहां मायावती पर हमला बोलते हुए कहा कि मायावती ने पैसों के लालच में कांशीराम के मिशन को बर्बाद कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि वह अब कांशीराम के सपने को साकार करेंगे। इसके लिए उन्होंने कांशीराम और डी के खरपडे द्वारा बनाए गए संगठन डीएस-4 की तर्ज पर राष्ट्रीय बहुजन मोर्चा (आरबीएम ) बनाया है।
पूरे देश में होगा विस्तार
आरबीएम का डेढ़ साल में पूरे देश में विस्तार किया जाएगा और इसके बाद राजनैतिक दल बनाने का भी नसीमुद्दीन ने संकेत दिया। बुंदेलखंड राज्य निर्माण को जरूरी बताते हुए नसीमुद्दीन ने घोषणा की कि आगामी सत्र में अलग राज्य की मांग पर विधान परिषद की कार्यवाही नहीं चलने देंगे। नसीमुद्दीन ने कहा की बांदा की जनता ने हमेशा उनका सहयोग किया है और उन्होंने सहयोग के चलते बांदा का विकास किया है। उन्होंने कहा कि मैं बांदा का लाल हूं, आपका बीटा हूं, आपसे सहयोग की अपेछा रखता हूं, आप मेरा सहयोग करिए मैं आपके लिए हमेशा लड़ता रहूंगा।