
शादी की सांकेतिक फोटो एएनआई
UP Crime: लाखों रुपये का दहेज और शादी में भारी खर्च के बावजूद तीन महीने भी नहीं बीते कि विवाहिता को ससुराल में दहेज उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा। बांदा निवासी एक महिला ने गुजरात के बड़ोदरा में तैनात जीएसटी इंस्पेक्टर पति और ससुराल वालों पर 42 लाख रुपये की कार की मांग को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता आस्था पुत्री विजय कुमार सिंह चंदेल का विवाह 25 फरवरी को आगरा निवासी हिमांशु सिंह चौहान के साथ राजस्थान के भरतपुर स्थित द ग्रैंड बरसो रिजॉर्ट में हुआ था। शादी में करीब 14.70 लाख रुपये का खर्च आया। पिता ने करीब 51 लाख रुपये नकद दहेज के रूप में दिए। आरटीजीएस से भी लाखों रुपये ससुरालीजनों के खातों में भेजे गए। चार पहिया वाहन के लिए 20 लाख और सामान के लिए पांच लाख रुपये दिए जाने का उल्लेख शिकायत में है।
शादी से पहले के कार्यक्रमों में भी बड़ी रकम खर्च हुई। वरीक्षा में नकदी, चांदी के सिक्के और कपड़े दिए गए। ओली-एंगेजमेंट में 5.51 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, डायमंड अंगूठी और अन्य सामान दिए गए। होटल व डेकोरेशन पर करीब 9.60 लाख रुपये खर्च हुए। इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने 20 लाख की गाड़ी के बजाय 42 लाख रुपये की कार की मांग शुरू कर दी।
विवाह के दिन भी कार की मांग दोहराई गई। मांग पूरी न होने पर सास साधना सिंह, ससुर जशवन्त सिंह चौहान, देवर शुभम सिंह और नानी सुशीला सिंह ने विदाई कराने से इनकार कर दिया। रिश्तेदारों और मध्यस्थों के समझाने पर किसी तरह विदाई हुई। ससुराल पहुंचने के बाद पति ने सास के उकसाने पर मारपीट की और अपमानित किया।
कुछ दिन बाद पीड़िता मायके से वापस ससुराल गई। पति उसे बड़ोदरा ले गया, जहां वह जीएसटी इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। वहां पति ने कथित रूप से मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद उल्टा पत्नी को झूठे मामले में फंसाकर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर जब पिता बड़ोदरा पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता की गई।
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाल दिया गया। शिकायत में पति पर किसी अन्य महिला से संबंध होने की बात सामने रखने पर धमकी देने का भी आरोप है। पति ने कथित रूप से कहा कि अगर यह बात सार्वजनिक की गई तो वह आत्महत्या कर पत्नी, पिता और भाई का नाम लिखकर सभी को फंसा देगा।
बांदा लौटने के बाद पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दी। कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर जीएसटी इंस्पेक्टर हिमांशु सिंह चौहान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला थाना प्रभारी मोनी निषाद ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
Updated on:
17 Sept 2026 10:00 pm
Published on:
17 Sept 2026 10:00 pm
