
(Representational Photo)-Patrika
Interfaith Marriage Murder: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र स्थित कोर्रही गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां दामाद ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सास की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना रात करीब 10 बजे हुई, जब आरोपी अपनी सास के घर पहुंचा। सास के साथ हुए विवाद के बीच उसने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मृतका की पहचान बानो खातून (45) पत्नी राजू खान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की बेटी आलिया खातून ने करीब एक साल पहले गांव के ही लवकुश नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। इसका बानो खातून लगातार विरोध कर रही थीं। शनिवार रात लवकुश अपने दो साथियों के साथ बानो खातून के घर पहुंचा। वहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोपियों ने कुल्हाड़ी और धारदार हथियारों से बानो खातून पर लगातार वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के वक्त बानो खातून की बेटी और लवकुश की पत्नी आलिया खातून भी वहां मौजूद थीं। अपनी मां को लहूलुहान देख आलिया चीख-पुकार मचाने लगी, जिसके बाद आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की कोशिश की। हालांकि, वह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतका की बेटी गुल अफरोज उर्फ आलिया के मुताबिक, यह हत्या प्रेम विवाह के विरोध नहीं, बल्कि जमीनी विवाद में हुई है।आलिया का कहना है कि आरोपी उनकी पैतृक (दादा के नाम की) जमीन पर कब्जा करना चाहते थे और इसी विवाद के चलते मोहल्ले के तीन लोगों लवकुश वर्मा, सत्तू वर्मा और छोटू वर्मा ने मिलकर उसकी मां की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। बेटी के अनुसार, घटना से करीब 6 दिन पहले भी आरोपियों ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसमें वह और उसकी मां दोनों घायल हुई थीं।
वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से है, जबकि युवती मुस्लिम समुदाय की है। दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम प्रसंग के बाद शादी कर ली थी और गांव में ही साथ रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, मृतका बानो इस अंतरधार्मिक विवाह के पक्ष में नहीं थीं, जिसे लेकर दोनों परिवारों के बीच गांव स्तर पर और थाने में कई बार पंचायत भी कराई जा चुकी थी।
शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। मृतका की बेटी आलिया खातून की तहरीर पर बिसंडा थाने में पति लवकुश, सत्तू और छोटेलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।
Updated on:
12 Jul 2026 03:19 pm
Published on:
12 Jul 2026 01:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
