
Sanjay Nishad Ansari Muslims: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है वैसे वैसे राजनीतिक दलों के नेताओं की बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के बांदा में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने मुस्लिम समुदाय, खासकर अंसारी समाज की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और सच्चर कमेटी की रिपोर्ट का जिक्र किया। साथ ही राजनीति में जीत और सत्ता में बने रहने के महत्व पर भी अपनी राय रखी।
संजय निषाद ने कहा कि 90 प्रतिशत मुस्लिम अंसारी हैं। उन्होंने अंसारी समुदाय के इतिहास का जिक्र करते हुए बताया कि जुलाहा वह होता है जो जाल बुनता है, जबकि मल्लाह निषाद समुदाय से जुड़ा है। जब जुलाहा घने जाल बुनता है तो उसे जुलाहा कहा जाता है। जब कोई जुलाहा इस्लाम अपना लेता है तो वह अंसारी बन जाता है। उन्होंने कहा कि अंसारी समुदाय की हालत खराब है। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार मुसलमानों की स्थिति एससी-एसटी समुदायों से भी बदतर बताई गई है।
मंत्री ने राजनीति के मकसद पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राजनीति हमेशा जीत की मांग करती है। कोई भी हारना नहीं चाहता। लोग जीत के लिए ही राजनीति में आते हैं। अगर जीत मिलती है तो ही सत्ता में रहकर समाज को सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि दिलाई जा सकती है। उन्होंने साफ कहा कि ज्यादा सीटें लेकर विपक्ष में बैठने से बेहतर है कि संतुलित और सम्मानजनक संख्या में सीटें लेकर सरकार के साथ रहें और समस्याओं का समाधान कराएं।
संजय निषाद ने जोर देते हुए कहा कि सत्ता में बने रहने से ही समाज के हित में काम किया जा सकता है। विपक्ष में रहने से समस्याओं का हल निकलना मुश्किल होता है। उनके इस बयान को निषाद पार्टी की मौजूदा रणनीति और गठबंधन की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। बांदा में दिए गए इन बयानों ने स्थानीय स्तर पर चर्चा बढ़ा दी है।