
तुमकूरु. जिले के कुणिगल तहसील के बिदनगेरे शनि मंदिर के न्यासी तथा पुजारी धनंजय को लूटने वाले 11 जनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर 4 लाख 46 हजार रुपए तथा कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दीपू, हेमंत कुमार, मिथुन, भरत, संतोष, नंदीश, वेंकटेश नायक, जगदीश, शिवू तथा चादर को गिरफ्तार किया गया है। इस लूट के प्रमुख सूत्रधार मडिकेहल्ली निवासी दीपू तथा नंदीश ने शनिश्वर मंदिर के पुजारी को लूटने की योजना बनाई, जिसके तहत दीपू तथा उसके साथी लूट से पहले दो दिन इसी मंदिर में ठहरे थे।
दीपू तथा उसके साथियों ने 19 जून की रात को होसरंगयनपाल्या गांव के बाहरी क्षेत्र में मंदिर के न्यासी धनंजय की कार रोकने के पश्चात चालक तथा धनंजय पर हमला कर 13 लाख की दान राशि लूटी और कार लेकर फरार हो गए थे। यह कार नागमंगला तहसील के बेल्लूर क्रॉस के निकट छोड़ दी और गोवा भाग गए थे। मुख्य न्यासी धनंजय की शिकायत पर पुलिस उन्हें तलाश कर रही थी। लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस अधीक्षक दिव्या गोपीनाथ के नेतृत्व में विशेष दल का गठन किया गया था। दल ने लुटेरों से तीन कार जब्त की हैं।
आभूषण चुराने वाली महिला गिरफ्तार
मैसूरु. लक्ष्मीपुरम पुलिस ने रविवार को कल्याणमंडपों में सोने के आभूषण चुराने वाली सरगुरु गांव की एक महिला को गिरफ्तार किया। कल्याणमंडपों में आभूषण चुराने की शिकायते बढऩे पर खुफिया पुलिस को निगरानी के लिए तैनात किया गया था। होयसला कल्याण मंडप में चल रही शादी में महिला शशिकला (50) को संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास 20 ग्राम सोने के आभूषण तथा 160 ग्राम चांदी बरामद हुई। शशिकला ने बताया कि उसकी एक बहन विकलांग और दूसरी बेरोजगार है।
ठेका दिलाने के बहाने 8 लाख की धोखाधड़ी
बेंगलूरु. एक निजी कंपनी की सॉफ्टवेयर इंजीनियर दो बिजली ठेकेदारों को ठेके दिलाने के नाम पर 8 लाख रूपए का चूना लगाकर फरार हो गई। ठेकेदार रविकुमार तथा शंकर ने आरोपी स्मृति खानापुर के खिलाफ बसवेश्वरनगर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।
रवि कुमार के मुताबिक तीन माह पहले जब वे शहर की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी के कार्यालय में बिजली का काम करने पहुंचे तो वहां उनका परिचय स्मृति खानापुरे से हुआ था। स्मृति ने रवि कुमार को बहुराष्ट्रीय कंपनियों में बिजली के काम के ठेके दिलाने का आश्वासन दिया। रविकुमार उसके झांसे में आ गया। स्मृति ने रविकुमार से 5 लाख तथा उसके दोस्त शंकर से 3 लाख रुपए लिए थे। इसके पश्चात दोनों ने स्मृति से संपर्क के कई प्रयास किए लेकिन वह नहीं मिली। हार कर दोनों ठेकेदारों ने स्मृति खानापुरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस मामला दर्ज कर उसे तलाश कर रही है।