
मैसूरु. हारंगी नहर में एक अनियंत्रित कार गिरने से उसमें सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की पानी में डूब कर मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा पिरियापटट्ण तहसील में बेट्टदपुरा थानांतर्गत दोड्डकमर हल्ली गांव के पास सोमवार तड़के 4 बजे हुआ। हादसे मारे गए लोग कोड़ुगु जिले के नापोक्लू गांव के निवासी थे।
पुलिस के मुताबिक चालक के नियंत्रण खोने के पश्चात कार हारंगी नहर में गिर कर डूबने से हादसा हुआ। मृतकों की पहचान पलनीस्वामी उनकी पत्नी संजू, पुत्री निकिता तथा पूर्णिमा के रूप में की गई है। बताया गया है कि यह परिवार बेट्टदहल्ली में स्थित एक मंदिर में पूजा अनुष्ठान में भाग लेने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतकों का शव पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों को सुपुर्द किया है।
ग्राम पंचायत कर्मचारी को सांप ने डसा
तुमकूरु. जिले के कोरटगेरे तहसील के अवरदानहल्ली गांव में सोमवार को खेत में काम कर रहें ग्राम पंचायत के कर्मचारी संजीवय्या (48) की सर्पदंश से मौत हो गई। बताया गया है कि जब संजीवय्या खेत में सिंचाई कर रहे थे तभी उन्हें सांप ने काट लिया। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतक कोरटगेरे तहसील के बी.डी.पुरा ग्राम पंचायत का कर्मचारी था।
स्कूल में दिखा सांप, डरे विद्यार्थी
बेंगलूरु. सोमवार को सुबह शहर के चालुक्या चौराहे पर स्थित सोफिया स्कूल स्पोट्र्स रूम में घुसे सांप को देखकर यहां के विद्यार्थी तथा कर्मचारी आतंकित हो गए। स्कूल के खेल शिक्षक जब बास्केटबॉल लेने के लिए कमरे में पहुंचे तब उन्होंने सांप को देखकर कॉलेज के प्रशासन को सूचित किया। बृहद बेंगलूरु महानगर पालिका के वन्यजीवी स्वयंसेवक मोहन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कॉलेज में पहुंचे मोहन ने इस 5 फीट लंबे सांप को पकड़ लिया। तब विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली।