
Bengaluru Metro (Photo-X/@BJP4India)
बेंगलुरु। बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने गुरुवार को बताया कि केंद्र ने बेंगलुरु की 'नम्मा मेट्रो' पिंक लाइन के एलिवेटेड हिस्से पर स्थित तीन स्टेशनों के नाम बदलने के कर्नाटक सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन तीन स्टेशनों के नाम अब इस प्रकार हैं-आईआईएमबी की जगह 'बिलेकाहल्ली-आईआईएमबी', जेपी नगर चौथा चरण की जगह एनएस पालया-जेपी नगर चौथा चरण और तवारेकेरे की जगह 'एसजी पालया'।
कृष्णा बायरे गौड़ा ने कहा कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पिंक लाइन के एलिवेटेड हिस्से पर स्टेशनों के नाम बदलने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को भारत सरकार ने मंजूरी दे दी है।
उन्होंने बताया कि ये बदलाव स्थानीय मांगों के अनुसार किए गए हैं। इन प्रस्तावों पर चर्चा और अंतिम निर्णय कर्नाटक के वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री रामलिंगा रेड्डी, बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या और विधायक सतीश रेड्डी तथा उदय गरुडाचार की उपस्थिति में लिया गया।
आदेश के मुताबिक, राज्य सरकार की एक समिति ने बेंगलुरु मेट्रो रेल परियोजना चरण-2, कॉरिडोर-4 के तहत स्टेशनों के नाम रखने और बदलने के संबंध में प्राप्त अनुरोधों की जांच की और केंद्र को अपनी सिफारिशें भेजीं। 'कलेना अग्रहारा' मेट्रो स्टेशन का नाम वही रखा गया है, क्योंकि यह उस इलाके के रेवेन्यू विलेज (राजस्व गांव) का नाम है। हुलिमावु और जयादेवा मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने के लिए कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ था।
समिति ने आईआईएमबी मेट्रो स्टेशन के नाम के आगे 'बिलेकाहल्ली' जोड़ने की सिफारिश की, जो उस इलाके के रेवेन्यू विलेज का नाम है। अब इस स्टेशन को 'बिलेकाहल्ली-आईआईएमबी' के नाम से जाना जाएगा।
इसी तरह, जेपी नगर चौथा चरण मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'एनएस पालया-जेपी नगर चौथा चरण' कर दिया जाएगा, क्योंकि 'एनएस पालया' उस इलाके के रेवेन्यू विलेज का नाम है। मौजूदा तवारेकेरे मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'एसजी पालया' (सड्डुगुंटेपाल्या) कर दिया जाएगा। आदेश में बताया गया है कि हालांकि तवारेकेरे भी एक रेवेन्यू विलेज का नाम है, लेकिन यह स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित है। एसजी पालया (जो ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी के एक वार्ड का नाम है) इस इलाके के लिए ज्यादा प्रचलित है, इसलिए इसके नाम को बदलने की सिफारिश की गई थी।
भारत सरकार के आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में उप सचिव, सूर्य नारायण झा ने कर्नाटक के शहरी विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को केंद्र की मंजूरी के बारे में सूचित कर दिया है।
जिन तीन स्टेशनों के नाम बदले गए हैं, वे 'पिंक लाइन' के 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड (ऊपर बने) हिस्से का हिस्सा हैं। यह हिस्सा कलेना अग्रहारा और उस स्टेशन के बीच है जिसे पहले 'तवारेकेरे' के नाम से जाना जाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को इसका उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 12:30 बजे डेयरी सर्कल के पास मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे और मुख्य कार्यक्रम के लिए मेट्रो से बिलेकाहल्ली-आईआईएमबी स्टेशन तक जाएंगे।
इस नए हिस्से के खुलने से बेंगलुरु का चालू मेट्रो नेटवर्क 96.1 किलोमीटर से बढ़कर 103.6 किलोमीटर हो जाएगा। इसके साथ ही शहर का मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर के आंकड़े को पार कर लेगा और यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन जाएगा। उम्मीद है कि इस नए हिस्से पर शनिवार से कमर्शियल सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
12 Nov 2026, 5:17 PM IST
Published on:
12 Nov 2026, 5:14 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




