
बेंगलूरु. विधानसभाध्यक्ष के. आर. रमेशकुमार के विधानसभा क्षेत्र में स्थित एक सरकारी कन्नड़ स्कूल में अजीब हालत है। कोलार जिले के श्रीनिवासपुर विधानसभा क्षेत्र के ओबेनहल्ली में स्थित इस सरकारी प्राथमिक स्कूल में केवल एकछात्रा तथा दो शिक्षक हैं। हाल में राजाजी नगर क्षेत्र के विधायक एस.सुरेश कुमार ने इस स्कूल का दौरा किया तो यह बात उजागर हुई।
सुरेश कुमार ने विधानसभाध्यक्ष को पत्र लिखकर स्कूल की हालत सुधारने की मांग की है। सुरेश कुमार के मुताबिक जब वे स्कूल पहुंचे तब इस स्कूल में केवल एक छात्रा तथा एक शिक्षिका थी। जब उन्होंने शिक्षिका से संवाद किया तब शिक्षिका ने बताया की यह एक मात्र छात्रा भी उस स्कूल की नहीं है। इस स्कूल को विलीनीकरण से बचाने के लिए स्कूल के दो शिक्षकों ने छात्रा को पड़ोसी गांव के स्कूल से इस स्कूल में भर्ती किया है। एक छात्रा को दो शिक्षक पढ़ा रहे हैं। यह स्कूल देहातों के सरकारी कन्नड़ माध्यम स्कूल की हालत बयान कर रहा है। जिले के कई स्कूल विद्यार्थियों की पर्याप्त संख्या नहीं होने से पड़ोसी गांवों के स्कूलों में विलय किया जा रहा है।
---
भाजपा ने क्र30 करोड़ के साथ मंत्री पद की पेशकश की थी
बेंगलूरु. प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष व बेलगावी ग्रामीण से विधायक लक्ष्मी हेब्बालकर ने शुक्रवार को दावा किया कि भाजपा ने उन्हें पाला बदलने के लिए 30 करोड़ रुपए के साथ ही मंत्री पद की भी पेशकश की थी। बेलगावी में पत्रकारों से बातचीत में हेब्बालकर ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों जब वह हैदराबाद में थीं तो भाजपा के एक नेता ने उन्हें फोन किया और कहा कि अगर वे पाला बदलती है तो उन्हें मंत्री बनाया जाएगा।
साथ ही 30 करोड़ रुपए भी मिलेंगे। हेब्बालकर ने कहा कि उन्होंने यह प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो उसके बाद कुछ भाजपा नेताओं के संदेश भी उनके मोबाइल पर आए। हालांकि, हेब्बालकर ने उनसे संपर्क करने वाले भाजपा नेताओं के नाम बताने से मना कर दिया। हेब्बालकर ने कहा कि उन्होंने इसके बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पूरी जानकारी दी है।