
Bengaluru Road Accident: घर में बेटी की शादी की खुशियां थीं। रिश्तेदारों को न्योते दिए जा चुके थे और शादी का जरूरी सामान भी आ चुका था। गुरुवार को हल्दी की रस्म होनी थी, जबकि रविवार को रिसेप्शन रखा गया था। लेकिन शादी से ठीक पहले हुए एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बेटी की शादी का इंतजार कर रहे पिता को अब उसका अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है।
यह दर्दनाक हादसा बुधवार शाम बेंगलुरु के दीपांजलिनगर इलाके में हुआ। इसमें 29 साल की सिंधुश्री और उनकी 19 साल की चचेरी बहन विद्या की मौत हो गई। दोनों स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान एक लॉरी ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर गईं और लॉरी के पहियों की चपेट में आ गईं।
गुरुवार को अस्पताल के शवगृह में बेटी का शव देखकर सिंधुश्री के पिता नंजुंडप्पा फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा, 'आज मेरी बेटी की हल्दी होनी थी, लेकिन अब मैं उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा हूं। रविवार को उसकी शादी का रिसेप्शन था। पूरा घर शादी के सामान से भरा हुआ है। हमने कितने अरमानों से तैयारियां की थीं, लेकिन अब सब कुछ खत्म हो गया।'
पिता ने बताया कि सिंधुश्री एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करती थीं, जबकि वह खुद ऑटो रिक्शा चलाते हैं। हादसे वाले दिन बेटी शादी का आखिरी निमंत्रण देने के लिए घर से निकली थी। इसके लिए उसने पड़ोसी से दोपहिया वाहन लिया था। निमंत्रण देकर लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गई।
सिंधुश्री अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थीं। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाली विद्या उनके रिश्ते में चचेरी बहन लगती थीं। इस घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे के बाद परिजनों ने इलाके में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर इस सड़क पर मालवाहक वाहनों को आने की इजाजत नहीं होती तो शायद दोनों लड़कियों की जान बच सकती थी। परिवार ने सवाल किया कि दो जवान लड़कियों की मौत की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। इस बीच सिंधुश्री की शादी की तैयारियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। जिस घर में हल्दी की रस्म और शादी के गीत गूंजने थे, वहां अब सन्नाटा है। पिता के वे शब्द इस हादसे का दर्द बयां करने के लिए काफी हैं कि जिस दिन बेटी को दुल्हन बनना था, उसी दिन उसे दुनिया से विदा करना पड़ा।