
Bengaluru Mass Murder Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कैब चालक द्वारा पत्नी और उसके मायके के लोगों की हत्या के मामले में रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इंदुशेखर (52) ने इस सामूहिक हत्याकांड की साजिश पहले से रच रखी थी। उसने हत्या के बाद शवों को ठिकाने लगाने और बदबू छिपाने के लिए रस्सी, बोरे और परफ्यूम तक खरीद रखे थे। इतना ही नहीं, आरोपी की 17 वर्षीय बेटी पर भी इस अपराध में पिता का साथ देने का संदेह है। पुलिस हत्या के मकसद, वारदात की जगह और घटनाक्रम सहित कई पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के बयान के अनुसार, हत्याएं 15 से 20 दिनों की अवधि में की गईं और ये एक ही घटना में नहीं हुईं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की और फिर कुछ दिनों बाद पत्नी के मायके के अन्य सदस्यों को घर बुलाकर उनकी भी जान ले ली। इस मामले में जांच के दौरान शवों को ठिकाने लगाने के तरीके और हत्या की पूर्व नियोजित साजिश से जुड़े कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। आरोप है कि 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच आरोपी ने रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर यह जताने की कोशिश की कि परिवार कहीं घूमने गया हुआ है। मामला तब सामने आया, जब नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, इंदुशेखर ने सबसे पहले अपनी 40 वर्षीय पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद उसने अपनी 65 वर्षीय सास रूपावती को मार डाला। फिर उसने अपने 30 वर्षीय साले शिवकुमार, उनकी पत्नी दिव्या और उनके सात वर्षीय बेटे पुनीत की हत्या कर दी। आखिरी शिकार उसके दूसरे साले 40 वर्षीय शंकर और उनकी पत्नी नलिनी बने। उनका 10 वर्षीय बेटा जीवित बच गया, जिसकी हत्या की योजना भी इंदुशेखर ने बनाई थी।
आरोप है कि इंदुशेखर ने बच्चे को कुछ समय के लिए इसलिए जिंदा छोड़ा, ताकि वह रिश्तेदारों के फोन कॉल रिसीव करे और संदेश भेजे। इससे लोगों को लगे कि परिवार के सदस्य जीवित हैं और यात्रा कर रहे हैं। लेकिन इस बीच पुलिस ने इंदुशेखर को दबोच लिया।
'द न्यू इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने सात साल के पुनीत समेत अन्य लोगों की हत्या से पहले ही रस्सी, 15 प्लास्टिक की बोरियां और सुगंधित पदार्थ खरीद लिए थे। इससे पुलिस को आशंका है कि उसने हत्याओं और शवों को ठिकाने लगाने की योजना पहले ही बना ली थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शवों को अलग-अलग जगहों पर फेंकने और उनसे दुर्गंध न आए, इसके लिए विशेष तैयारी की थी। उसने कार में भी परफ्यूम का इस्तेमाल किया था, ताकि शवों को ले जाते समय किसी को शक न हो।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी इंदुशेखर ने 16 अक्टूबर को अपनी पत्नी सुनीता की हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने अपनी 17 वर्षीय बेटी की मदद से पत्नी के मायके के अन्य सदस्यों को खाने के बहाने घर बुलाया।
आरोप है कि घर पहुंचे लोगों पर उसने हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतकों में उसकी सास, पत्नी के दो भाई, दोनों भाइयों की पत्नियां और एक सात वर्षीय बच्चा शामिल हैं।
पुलिस के सामने आए विवरण के मुताबिक, आरोपी ने कुछ पीड़ितों को कथित तौर पर बेहोशी की दवा दी थी। इसके बाद उसने घर के ड्राइंग रूम में सिलबट्टे से हमला कर उनकी हत्या की।
आरोप है कि इसके बाद उसने शवों को बाथरूम में ले जाकर साफ-सफाई की और फिर उन्हें बोरों में भर दिया। दुर्गंध को छिपाने के लिए शवों पर रसायनों का इस्तेमाल किया गया। बाद में आरोपी ने अपनी कार से शवों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर फेंक दिया।
हालांकि, पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि सभी पीड़ितों को बेहोशी की दवा दी गई थी या नहीं।
इस हत्याकांड की जांच के दौरान मैसूर की चामुंडी पहाड़ी के नीचे स्थित वन क्षेत्र से दो और शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान शिवकुमार (30) और उनकी पत्नी दिव्या (30) के रूप में हुई है। इनके सात वर्षीय बेटे पुनीत का शव इससे पहले नंदी हिल्स के पास बरामद किया जा चुका था।
पुलिस आरोपी इंदुशेखर को घटनास्थल पर लेकर गई थी, जहां उसकी मौजूदगी में घटनास्थल का पंचनामा किया गया। इन बरामद शवों के मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी की नाबालिग बेटी की कथित भूमिका है। पुलिस को संदेह है कि 17 वर्षीय बेटी ने पिता की मदद की थी। पुलिस के अनुसार, बेटी ने शवों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने, उन्हें बोरों में भरने और घर में लगे खून के धब्बे साफ करने में मदद की थी। यह भी दावा किया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी बेटी को इस तरह ब्रेनवॉश कर दिया था कि वह मां और अपने ननिहाल वालों को अपना दुश्मन समझने लगी थी।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की को मामले में दूसरा आरोपी माना जा रहा है और उसने कथित तौर पर सभी हत्याएं होते हुए देखी थीं। आरोप है कि पत्नी की हत्या करने और शव ठिकाने लगाने के बाद आरोपी ने अपनी बेटी के साथ मिलकर अन्य परिजनों को एक-एक करके घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी। बाद में शवों को बोरियों में भरकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी इंदुशेखर ने कथित तौर पर दावा किया कि उसकी पत्नी ने लगभग 20 वर्षों तक उसे परेशान किया और उसके परिवार वालों ने हमेशा उसी का साथ दिया। पत्नी उसे अक्सर निकम्मा कहकर ताना मारती थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहता था। हालांकि मृतकों के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि इन हत्याओं के पीछे का कारण संपत्ति हड़पना हो सकता है। पुलिस इस दावे और संपत्ति विवाद दोनों की जांच कर रही है, ताकि हत्या के असली मकसद का पता लगाया जा सके।
पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि क्या श्रीरामपुरा में करीब 2.5 करोड़ रुपए की संपत्ति को लेकर विवाद इन हत्याओं का कारण था। शक है कि आरोपी संपत्ति पर कब्जा करने के लिए हत्याओं की योजना बना सकता था, क्योंकि संपत्ति कथित तौर पर पीड़ितों के नाम पर थी।
रिश्तेदारों के अनुसार, इंदुशेखर ने कथित तौर पर किसी बहाने से अपनी सास के हस्ताक्षर छह स्टांप पेपर पर करवा लिए थे। उसकी पत्नी को यह बात अपनी मां से पता चली और उसने इस पर आपत्ति जताई। उसने कथित तौर पर सभी स्टांप पेपर वापस ले लिए थे। पुलिस को शक है कि इसी वजह से आरोपी के मन में पत्नी और उसके परिवार के प्रति नाराजगी पैदा हुई।
फिलहाल, पुलिस इस पूरे हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। आरोपी की बेटी की भूमिका, हत्या की साजिश और शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस मामले में सामने आ रहे खुलासों ने पूरे कर्नाटक में सनसनी फैला दी है।