बैंगलोर

भाजपा अपने नेताओं को कानून का पाठ पढ़ाए

गृहमंत्री रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि भाजपा के सभी जनप्रतिनिधियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को कानून के बारे में जानकारी देने की जरूरत
2 min read
Dec 05, 2017
 Ramalinga Reddy

बेंगलूरु. गृहमंत्री रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि भाजपा के सभी जनप्रतिनिधियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को कानून के बारे में जानकारी देने की जरूरत है, क्योंकि यह लोग बार-बार कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की समस्याओं का आवलोकन करने के बाद संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि सांसद प्रताप सिम्हा ने रविवार को हनुमान जयंती के अवसर पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया था।

तेज गति से कार चलाकर पुलिस बैरिकेड तोडऩे का प्रयास करने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। प्रताप सिम्हा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीएस येड्डियूरप्पा बार-बार कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। यहां कानून से कोई बड़ा नहीं है और कानून के लिए समान है। प्रताप सिम्हा सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंच पर भडक़ाऊ भाषण दे रहे हैं। सरकार किसी को भी कानून हाथ में लेने का अवसर नहीं देगी। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई होगी।


जानबूझकर बिगाड़ी स्थिति
गृहमंत्री ने कहा कि हुणसूर में हनुमान जयंती के अवसर पर रैली निकालने के लिए मंजूरी देकर एक मार्ग भी दिया था। मगर भाजपा नेताओं की अगुवाई में बदले मार्ग से रैली निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने इसे रोकना चाहा तो पुलिस पर पथराव किया गया। इसलिए पुलिस को मजबूरी में बल प्रयोग करना पड़ा। केन्द्र में मंत्री अनन्त कुमार हेगड़े, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीएस येड्डियूरप्पा, प्रताप सिम्हा व इस दल के कई नेता कानून का उल्लंघन करते रहते हैं। भाजपा आलाकमान को चाहिए कि वह कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए कानून के विषय को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन करे।

गुंडा कहने वाले अपने गिरेबान में झांकें
गृहमंत्री ने कहा कि प्रताप सिम्हा ने कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गुन्डूराव को गुन्डा कहा है। भाजपा के नेताओं का इतिहास देखा जाए तो पता चलेगा कि गुन्डा कौन है, उन्हें अपने गिरेबान में झांकना होगा। तुमकूर में एक टीवी चैनल के पत्रकार पर हमला करने वाले भाजपा नेता को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा से अधिक श्रद्धावान है कांग्रेस
रेड्डी ने आगे कहा कि राम जयंती, हमुमान जयंती और दत्त जयंती सहित धर्मों के प्रति कांग्रेस पार्टी भाजपा से ज्यादा श्रद्धावान है। भाजपा केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए इस तरह के आयोजन करती है और आशांति फैलाना चाहती है। अगले साल विधानसभा चुनाव के चलते भाजपा में कुछ ज्यादा भक्ति जागने लगी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर करोड़ों ईंट संग्रहित किए। यह ईंटें कहां गए, किसी को पता नहीं। अभी तक राम मंदिर निर्मित नहीं किया गया। राममंदिर निर्मित करने के लिए कोई रुकावट नहीं है। उत्तर प्रदेश और केन्द्र में भाजपा की ही सरकार है। फिर भी भाजपा विवादस्पद विषयों को तलाश कर रही है। भाजपा चुनावी वर्षों में ही धार्मिक उन्माद पैदा करती है।

Published on:
05 Dec 2017 05:39 am