
बेंगलूरु. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बजट अधिवेशन के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार करने के बारे में प्रदेश के नेताओं को निर्देश दिए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार अधिवेशन से पहले प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी और बजट अधिवेशन के बाद ही मुख्यमंत्री कुमारस्वामी को मंत्रिमंडल विस्तार करने को बारे में कहा जाएगा।
बताया जाता है कि इसी के मद्देनजर राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस की ओर से भेजी गई संभावित सूची पर अभी विचार नहीं किया है। अनेक नेता मंत्रिमंडल में शामिल होने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन सबको अवसर मिलना संभव नहीं है।
सूत्रों के अनुसार अधिवेशन के पहले विस्तार देने की स्थिति में पद पाने से वंचित नेता बैठकें कर बगावती गतिविधियां चला सकते हैं। इसीलिए राहुल गांधी ने बगावत टालने के लिए मंत्रिमंडल का विस्तार व निगम बोर्ड की नियुक्तियां एक साथ करने का सुझाव दिया है। विस्तार के दौरान मंत्री पद से वंचित रहने वाले 15 नेताओं को सबसे पहले प्रमुख निगम और मंडलों में नियुक्त किया जाए।
पूर्व में मंत्री रह चुके नेता निगम बोर्ड में नियुक्ति पसंद नहीं करेंगे लिहाजा उन्हें यह समझाना होगा कि दो साल बाद मौजूदा मंत्री हटेंगे, तब उन्हें तीन साल तक मंत्री पद पर रहने का अवसर दिया जाएगा। राहुल ने प्रदेश के नेताओं को इस बारे में सटीक फार्मूला तैयार करने के निदेश दिए हैं। सूत्रों ने बताया कि हाल में दिल्ली प्रवास के दौरान कुमारस्वामी की राहुल से हुई भेंट के दौरान बगावत से निपटने के लिए कुमारस्वामी ने तीन चार नए मंत्री बनाने की सलाह दी थी।
इसके बाद आलाकमान ने मंत्रिमंडल विस्तार पर सहमति जताई लेकिन कुछ नेताओं के पहले निगम-मंडलों का सुझाव देने के कारण अंतिम घड़ी में विस्तार टल गया और अब अधिवेशन के बाद ही विस्तार व राजनीतिक नियुक्तियां करने का निर्णय किया गया है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि विस्तार के लिए प्रदेश अध्यक्ष परमेश्वर ने जो संभावितों की सूची आलाकमान को भेजी थी उसमें लिंगायत-वीरशैव कोटे से संगमेश, एम. बी पाटिल, शरण बसप्पा दर्शनापुर, अमरेगौड़ा बैयापुर, कुरुबा समुदाय से एस. सी. शिवल्ली, एमटीबी नागराज, मुस्लिम कोटे से रहीम खान तथा तनवीर सेत, अजा-जजा कोटे से ई. तुकाराम, बी.नागेंद्र, भीमा नायक के नामों की सिफारिश की गई थी।
पाटिल से मिले बैरेगौड़ा
मंत्री कृष्णा बैरेगौड़ा ने गुरुवार को नाराज चल रहे पूर्व मंत्री एम बी पाटिल से मुलाकात की। इस दौरान सतीश जारकीहोली, बी बी नायक, विधान पार्षद विजय सिंह भी मौजूद थे। नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक बैठक चली। बैरेगौड़ा ने बुधवार को दिल्ली में कांग्र्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। उधर पाटिल ने कहा कि वे 15 जुलाई तक इंतजार करेंगे और उसके बाद अपने अगले कदम के बारे में निर्णय लेंगे।