
बेंगलूरु. उपराष्ट्रपति वेंकेया नायडू ने कहा कि कैंसर के प्रसार को देखते हुए देश भर में कैंसर के विशिष्ट उपचार की अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है। बदलती जीवनशैली व खानपान में आए बदलाव भी इस रोग के फैसले का कारण हैं लिहाजा हमें पुरानी जीवनशैली, खानपान अपनाने और नियमित व्यायाम करने पर अधिक बल देना होगा।
नायडू ने गुरुवार को यहां किदवई कैंसर संस्थान द्वारा संचालित नए राज्य कैंसर संस्थान ब्लॉक का उद्घाटन करने के बाद कहा कि हालांकि राष्ट्रीय व प्रादेशिक स्तर पर कैंसर की रोकथाम, इलाज तथा देखभाल के कार्यक्रम शुरू किए गए हैं लेकिन ये कदम कैंसर जैसे घातक रोग से लडऩे के लिए नाकाफी प्रतीत हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कैंसर के प्रसार को रोकने के लिए न केवल वैज्ञानिक प्रयास करने होंगे बल्कि कैंसर नियंत्रण के कार्यक्रमों की समुचित योजना बनाने, निगरानी व मूल्यांकन के लिए भी सतत व ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कैंसर के रोगियों को नवीनतम व सर्वश्रेष्ठ इलाज उपलब्ध कराने के लिए किदवई अस्पताल में नए कैंसर संस्थान ब्लॉक की स्थापना की सराहना की और कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के वित्तीय योगदान व निरंतर प्रयासों से यह संभव हो सका है।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि कर्नाटक में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत तरक्की की है और देश भर से लोग अच्छा इलाज करवाने के लिए बेंगलूरु आते हैं। किदवई अस्पताल में नई मशीनें आने से कैंसर रोगियों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। सरकारी अस्पताल में अधिकतर गरीब व मध्यम वर्ग के लोग उपचार करवाने आते हैं लिहाजा उन्हें मुफ्त में इलाज मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि राज्य सरकार अस्पताल को अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण के ऑपरेशन के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए तत्काल कोष आवंटन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे ऑपरेशन पर करीब 30-35 लाख रुपए का खर्च आता है। गरीब रोगी इसे वहन करने की स्थिति में नहीं है। इसी अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने के बारे में उन्होंने मेडिकल शिक्षा मंत्री व स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग के मंत्री शिवानंद पाटिल के साथ चर्चा की है। बजट में अस्पताल को आवश्यक फंड आवंटित किया जाएगा।
राज्यपाल वजूभाई वाळा ने इस मौके पर संस्थान की मासिक पत्रिका ओन्कोस्कोप का विमोचन किया। इससे पहले राज्य के मेडिकल शिक्षा मंत्री व किदवई संस्थान की गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष व चिकित्सा शिक्षा मंत्री डी.के शिवकुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। अस्पताल निदेशक डा. के.बी. लिंगेगौड़ा ने अस्पताल की स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मिला तेरापंथ समाज प्रतिनिधिमंडल
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से गुरुवार को राजभवन में तेरापंथ समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की और आचार्य महाश्रमण के चातुर्मास-2019 की जानकारी दी। चातुर्मास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष मूलचंद नाहर ने आचार्य के प्रवास की जानकारी दी। उपराष्ट्रपति को आचार्य की तस्वीर एवं कलम भेंट की गई। बाबूलाल पोरवाल, दीपचंद नाहर, प्रकाशचंद लोढ़ा, मदनलाल सुकलेचा उपस्थित थे।
प्रवासियों ने किया अभिनंदन
बेंगलूरु. बेंगलूरु आगमन पर राजभवन में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का प्रवासी राजस्थानी प्रकाश पिरगल, भंवरलाल भंडारी, ललित सिंघवी, अशोक कुमार, पंकज रांका, अभिषेक संचेती, राजेश पिरगल ने स्वागत अभिनंदन किया।