बैंगलोर

कांग्रेस: दो बार हुई बैठक फिर भी नहीं बनी सहमति

नामों पर नेताओं में मतभेद
2 min read
• •
Updated: 14 Apr 2018, 5:01 PM IST
congress

बेंगलूरु. सत्तारुढ़ कांग्रेस शुक्रवार को भी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी नहीं कर पाई। अब शनिवार को पहली सूची घोषित होने की संभावना है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की दिन में दो बार बैठक हुई लेकिन नेताओं के बीच उम्मीदवारों के कुछ नामों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण सूची को अंतिम रुप नहीं दिया गया। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई दोनों बैठकें काफी लंबी समय तक चली और सीटवार उम्मीदवारों के चयन और जीत की संभावना हुई लेकिन समिति के सदस्यों के बीच कुछ सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाने के लिए शनिवार को फिर से चर्चा करने का निर्णय किया गया। शाम की बैठक से बाहर निकलने क बाद मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बैठक शनिवार को भी होगी और उसके बाद ही नाम घोषित किए जाएंगे।

समिति की सदस्य अंबिका सोनी ने कहा कि सूची अभी अंतिम तौर पर तैयार नहीं हुई और शनिवार को भी इस पर चर्चा होगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि सहमति नहीं बन पाने कारण है कि प्रदेश के सभी बड़े नेता अपने-अपने समर्थकों को अधिक संख्या में टिकट दिलाना चाहते हैं। कुछ नेताओं ने दूसरे दलों से आए विधायकों को टिकट देने पर भी सवाल उठाए। हालांकि, कुछ नेताओं ने कहा कि पार्टी में आने के समय के बजाय जीत की संभावना के आधार पर टिकट दिया जाना चाहिए। नेताओं के रिश्तेदारों को भी टिकट दिए जाने पर नेताओं बीच मतभेद थे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक पहले दौर की बैठक में करीब 120 नामों पर सहमति बन गई थी और इनमें से 8 विधायकों के टिकट काटे जाने की बात थी। साथ ही सिद्धरामय्या का नाम सिर्फ चामुंडेश्वरी सीट के लिए था जबकि बादामी से उम्मीदवार तय नहीं हुआ था। शाम की बैठक में कुछ नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों के नाम नहीं होने को लेकर आपत्ति जताई और उसके बाद बैठक स्थगित कर दी गई। बताया जाता है कि सिद्धरामय्या ने वरिष्ठ नेताओं से कहा है कि अगर पार्टी को जीतना है तो उनकी पंसद के नेताओं को ही टिकट दें।

Published on: