
बेंगलूरु. कर्नाटक उच्च न्यायालय ने विश्वेश्वरय्या प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (वीटीयू) को अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन (Explore online exam option, Karnataka HC tells Visvesvaraya Technological University) परीक्षा आयोजित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। न्यायालय के अनुसार परीक्षाएं 15 सितंबर से शुरू होनी हैं। इसलिए वीटीयू के पास इसके लिए समय है। तकनीकी जरूरतों को लेकर वीटीयू विशेषज्ञ की सलाह और मदद ले सकता है। न्यायालय ने इस बात को भी गंभीरता से लिया कि अंतिम वर्ष की परीक्षा और इसके नतीजे विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। वीटीयू प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों की शिकायतों और मांगों पर वह गंभीरता से विचार कर समाधान निकाले।
अगली सुनवाई 25 सितंबर को
मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी। तब तक न्यायालय ने वीटीयू प्रबंधन से ऑनलाइन परीक्षा के आयोजन पर जवाब मांगा है।
इससे पहले प्रदेश सरकार ने न्यायालय को बताया कि कर्नाटक संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आयोजन के दौरान जिन मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन हुआ उसे वीटीयू भी लागू करेगा। जिसके बाद न्यायालय ने प्रदेश सरकार व वीटीयू प्रबंधन को उन अधिकारियों के नाम व संपर्क नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश दिए जिन्हें विद्यार्थी संपर्क कर अपनी विभिन्न समस्याओं का समाधान कर सकें।
परीक्षा रद्द या स्थगित करने की मांग
दरअसल विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने निर्णायक वर्ष की परीक्षाएं सितंबर के अंत तक समाप्त करने के निर्देश दे रखे हैं। लेकिन कोरोना महामारी के कारण विद्यार्थी परीक्षा रद्द या स्थगित करने की मांग कर रहे हैं। इसी संबंध में बेंगलूरु प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआइटी) के विद्यार्थियों ने न्यायालय में एक याचिका दायर कर रखी है।