नहीं थम रही नाराजगी

राज्य मंत्रिमंडल के पुनर्गठन के बाद कांग्रेस नेताओं में उपजी नाराजगी कम होती नहीं दिख रही है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश के कई हिस्सों में हटाए गए

3 min read
Jun 21, 2016
bangalore news
बेंगलूरु. राज्य मंत्रिमंडल के पुनर्गठन के बाद कांग्रेस नेताओं में उपजी नाराजगी कम होती नहीं दिख रही है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश के कई हिस्सों में हटाए गए मंत्रियों और मंत्रिमंडल में जगह पाने से वंचित रहे नेताओं के समर्थकों ने प्रदर्शन किया। राज्य में कम से कम पांच इलाकों में सोमवार बंद रहा। इस बीच, मंत्रिमंडल से हटाए जाने के विरोध में अभिनेता एम.एच.अम्बरीश से विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, उनका इस्तीफा नामंजूर हो गया। कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रिमंडल से हटाए जाने के एक दिन बाद ही दिनेश गुडूराव को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर उनके समर्थकों का गुस्सा शांत करने की कोशिश की। मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज वरिष्ठ विधायक के.बी. कोलीवाड भी मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के दखल के बाद विधानसभा अध्यक्ष बनने के लिए राजी हो गए हैं।

नहीं हुई फिल्मों की शूटिंग
अभिनेता अम्बरीश को मंत्रिमंडल से हटाए जाने के विरोध में सोमवार को संडलवुड में कामकाज ठप रहा। अम्बरीश के समर्थन में फिल्म उद्योग में फिल्मों की शूटिंग और डबिंग का काम ठप रहा है। हालांकि, सिनेमाघरों में फिल्मों का प्रदर्शन आम दिनों की तरह हुआ।

पूर्व राजस्व मंत्री वी. श्रीनिवास प्रसाद के समर्थकों की ओर आहूत चामराजनगर और नंजंनगुड बंद का व्यापक असर दिखा। बंद समर्थकों ने दोनों कस्बों में दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को जबरन बंद करवाया। निजी-स्कूल कॉलेज भी बंद रहे। दोनों कस्बों के लिए परिवहन ने बसें भी कम संख्या में परिचालित की जिसके कारण पूर्णिमा के मौके पर मंदिरों की नगरी नंजंनगुड आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बंद समर्थकों ने कई जगहों पर तोडफ़ोड़ किए और मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या का पुतला भी जलाया।

अभिनेता अम्बरीश को मंत्रिमंडल से हटाए जाने से आहत उनके एक प्रशंसक ने सोमवार को मंड्या जिले के के.एम.दोड्डी में जहर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। लोगों ने उसे अस्पातल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
तुमकूरु जिले के मधुगिरी में भी विधायक के.एन. राजण्णा को मंत्री नहीं बनाए जाने के विरोध में बंद रहा। विधायक के समर्थकों ने कई जगहों पर रास्ता रोका जिसके कारण लोगों को परेशानी हुई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर कर बेंगलूरु-तुमकूरु उच्च पर यातायात को भी बाधित किया। इस दौरान एक व्यक्ति ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया लेकिन दूसरे लोगों ने उसे रोक लिया। मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज मायाकोंडा के विधायक शिवमूर्ति नायक ने विधानसौधा से सामने धरना दिया। उधर, मुदेबिहाल,बीदर जिले के हुमनाबाद में भी मंत्री बनने सें वंचित रहे विधायकों के समर्थकों आह्वान पर बंद रहा। हालांकि, पुलिस ने दावा किया छिटपुट घटनाओं को छोड़कर पूरे राज्य में कोई अप्रिय वारदात नहीं हुई।


बेंगलूरु शहर में मंत्रिमंडल से दिनेश गुंडूराव को हटाए जाने के विरोध में उनके समर्थकों ने भी मुख्यमंत्री आवास के सामने धरना दिया। नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बेंगलूरु के विजयनगर के विधायक एम.कृष्णप्पा के समर्थकों ने भी मंत्री नहीं बनाए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सामने प्रदर्शन किया। मायाकोंड के विधायक शिवमूर्ति नायक ने मंत्री नहीं बनाए जाने के विरोध में विधानसौधा के सामने मौन धरना दिया।


गुत्तेदार ने दी कांग्रेस छोडऩे की धमकी : मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज कलबुर्गी जिले से पांच बार विधायक रह चुके मालिकेय्या गुत्तेदार ने कांग्रेस पार्टी छोडऩे की धमकी दी। उन्होंने कहा कि मैंने कांग्रेस छोडऩे का निर्णय किया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं किसी दूसरी पार्टी में शामिल नहीं होऊंगा। अकेले रहूंगा और यह साबित कर दूंगा कि मैं राजा हूं।

अम्बरीश का इस्तीफा नामंजूर
अभिनेता अम्बरीश ने मंत्रिमंडल से से हटाए जाने के विरोध में सोमवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अम्बरीश ने अपने एक प्रतिनिधि के जरिए इस्तीफा विधानसभा उपाध्यक्ष शिवशंकर रेड्डी को भेजा। कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष रेड्डी ने तकनीकी आधार पर अम्बरीश का इस्तीफा नामंजूर कर दिया।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में रेड्डी ने कहा कि दोपहर में अम्बरीश का एक पंक्ति का इस्तीफा मिला था लेकिन वे इस्तीफा सौंपने के लिए खुद नहीं आए थे जिसके कारण नियमों के मुताबिक उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया गया है। सियासी गलियारों में अम्बरीश के इस्तीफे के दांव को दबाव और सौदेबाजी की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पूर्व में मनमोहन सिंह की सरकार में केन्द्रीय मंत्री के पद पर रहते समय भी अम्बरीश ने कावेरी मसले पर मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया था जिसे लंबे अर्से बाद स्वीकार किया गया था।

दिनेश गुंडुराव कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष
मंत्रिमंडल से हटाए जाने के एक दिन बाद ही दिनेश गुंडूराव को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। गुंडूराव पूर्व में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर लंबे समय तक रह चुके हैं।

कोलीवाड़ नए विस अध्यक्ष
मंत्री पद पाने से वंचित रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राणीबेन्नूर से विधायक के.बी. कोलीवाड़ ने विधानसभा अध्यक्ष का पदभार संभालने के मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। सिद्धू से मुलाकात के बाद कोलीवाड ने कहा कि वे मंत्री नहीं बनाए जाने से असंतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने खुशी के साथ विधानसभा अध्यक्ष का पद स्वीकार कर लिया है।

कोलीवाड ने कहा कि यदि मैं मंत्री बनता तो मेरी भूमिका केवल एक विभाग तक सीमित रहती पर अब मैं विधानसभा अध्यक्ष हूं और मेरा सभी विभागों पर नियंत्रण रहेगा। जहां कहीं भी खामियां होगी,मैं किसी भी विभाग के कामकाज की खिंचाई कर सकूंगा और विपक्ष तथा निर्दलीय विधायकों को भी दिशा-निर्देश दे सकूंगा।
Published on:
21 Jun 2016 12:58 am
Also Read
View All