20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Banda News:प्यार में मिली ‘हार’ तो टावर पर चढ़ा आशिक, 2 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Banda lover climbs mobile tower:बांदा के बबेरू में प्रेमिका की दूसरी जगह शादी तय होने से आहत 18 वर्षीय एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस ने दो घंटे समझाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा और परिजनों को सौंप दिया।

2 min read
Google source verification

बांदा, बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र में सोमवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय हो जाने से परेशान एक 18 वर्षीय युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया।

क्या है पूरा मामला

यह घटना बबेरू कोतवाली क्षेत्र के कमासिन रोड स्थित हाते की है। परास गांव निवासी 18 वर्षीय युवक का कहना है कि वह फतेहपुर जनपद के खागा क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता है। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की के परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से तय कर दी। शादी की खबर से आहत युवक मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया। सोमवार शाम युवक अचानक कमासिन रोड स्थित एक निजी परिसर में लगे ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह जोर-जोर से अपनी प्रेमिका का नाम लेकर रोने-चिल्लाने लगा। आसपास से गुजर रहे लोगों ने जब युवक को टावर के ऊपर देखा तो तुरंत डायल-112 पीआरवी पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की तत्परता से बची जान

सूचना मिलते ही पीआरवी टीम ने तुरंत बबेरू कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह राजावत को जानकारी दी। खबर मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह राजावत, कस्बा इंचार्ज मनीष शर्मा, कांस्टेबल नकुल राय, नरेश अहिरवार और निर्मल सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को टावर से दूर किया और फिर लाउडस्पीकर से युवक से बातचीत शुरू की। लगभग दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे में पुलिस ने युवक को प्यार से समझाया। उसे जीवन का महत्व बताया और परिवार की चिंता का हवाला दिया। लगातार समझाने के बाद रोहित मान गया और धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया।

परिजनों को सौंपा गया युवक

नीचे उतरने के बाद युवक काफी भावुक हो गया। पुलिस ने उसे पानी पिलाया और शांत कराया। पूछताछ में युवक ने बताया, "मैं उस लड़की के बिना नहीं रह सकता। उसके घरवाले जबरन उसकी शादी कहीं और कर रहे हैं, इसलिए मैं मरने के लिए टावर पर चढ़ गया था।" कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने युवक की काउंसलिंग की और भविष्य में ऐसा कदम न उठाने की हिदायत दी। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को कोतवाली बुलाया और युवक को उनके सुपुर्द कर दिया। परिजनों को भी युवक का विशेष ध्यान रखने और उसकी मानसिक स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

फिलहाल युवक पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।