
बेंगलूरु. राज्य के प्रमुख त्योहारों में से एक, गौरी-गणेश उत्सव (Gowri-Ganesha festival) का रंग इस बार बेंगलूरु में फीका ही रहेगा। शहर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्सव पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। हालांकि गणेश प्रतिमा बनाने वाले कलाकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे चुके हैं और इन्हें खरीदा भी जा रहा है।
बृहद बेंगलूरु महानगर पालिका (bbmp) आयुक्त मंजुनाथ प्रसाद के अनुसार एक वार्ड में एक ही पंडाल स्थापना की अनुमति होगी। इसी तरह सार्वजनिक स्थानों पर अधिकतम तीन दिन तक प्रतिमाओं की स्थापना की जा सकेगी। प्रतिमा चार फीट से ज्यादा ऊंची नहीं होनी चाहिए।
प्रतिमा दो फीट से ज्यादा ऊंची नहीं होनी चाहिए
घरों में स्थापित की जाने वाली प्रतिमा भी दो फीट से ज्यादा ऊंची नहीं होनी चाहिए और उसका विसर्जन भी घर पर ही करना होगा। गणेश उत्सव पर इस वर्ष रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं होंगे। प्रतिमा को स्थापना के लिए घर ले जाते समय या विसर्जन के लिए ले जाते समय किसी भी तरह के जुलूस या धूम-धड़ाके की भी मनाही रहेगी।
वार्ड में प्रतिमा की स्थापना को लेकर निर्णय जोन के संयुक्त आयुक्त या पुलिस उपायुक्त लेंगे। पूजा-प्रार्थना के लिए आनेवाले भक्तों को सामाजिक दूरी का पालन करना होगा और अनिवार्य रूप से मास्क पहनना होगा।