बैंगलोर

‘वंदे मातरम्’ पर गरमाई सियासत, भाजपा ने राहुल पर लगाया राष्ट्र गीत के अपमान का आरोप

राज्य के चुनावी संग्राम में अब राष्ट्र गीत वंदे मातरम् को लेकर राजनीति गरमा गई है।
2 min read
Apr 28, 2018
Vande Mataram

बेंगलूरु. राज्य के चुनावी संग्राम में अब राष्ट्र गीत वंदे मातरम् को लेकर राजनीति गरमा गई है। प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाया है जिसके बाद दोनों दलों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है।

भाजपा ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा है कि राज्य में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने वंदे मातरम् सिर्फ एक लाइन में गाने के लिए कहा। यह राष्ट्र गीत का अपमान है। दरअसल, इस वीडियो में प्रदेश प्रभारी के सी वेणुगोपाल राहुल से वंदे मातरम् के लिए खड़े होने के लिए कहते दिख रहे हैं।

इस पर राहुल कहते हैं कि कृपश इसे जल्दी कराइए। इसके बाद वेणुगोपाल ने वंदे मातरम् गाने वाले व्यक्ति के पास जाकर कहा कि सिर्फ एक लाइन ही गाइए। भाजपा का दावा है कि राहुल ने एक लाइन पूरा होते ही ताली बजाई। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में वेणुगोपाल ने इस मसले टिप्पणी करने से इनकार करते हुए वंदे मातरम् हमारा राष्ट्रगीत है।

उधर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने पलटवार करते हुए कहा कि यह बिल्कुल गलत आरोप है। नकली वीडियो जारी कराना भाजपा की आदत है। कांग्रेस से ज्यादा वंदे मातरम् को कौन मानता है।


शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस ने १८९६ अधिवेशन में ही वंदे मातरम् शुरू किया था। कांग्रेस का हर कार्यक्रम वंदे मातरम् से शुरू होता है और जन-गण-मन से संपन्न होता है। अब भाजपाई उन्हें वंदे मातरम् का सम्मान करना सिखाएंगे। इनके ना तो दफ्तर में वंदे मातरम् गाया जाता है और ना ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय में।

देश से क्षमा मांगे राहुल गांधी: शोभा
भाजपा की प्रदेश महासचिव शोभा करंदलाजे ने कहा कि राहुल ने राष्ट्रगीत का अपमान किया है। उन्हें देश की जनता से क्षमा मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में जब राष्ट्र गीत गाया जाता है तो सदन के सभी सदस्य खड़े होकर सम्मान करते हैं। लेकिन कांग्रेस के समारोह में राहुल ने इसे बीच में रोकने का निर्देश देकर गीत का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के चुनाव विज्ञापनों पर रोक लगाने के फैसले को लेकर भाजपा शीघ्र ही चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराएगी।

Published on:
28 Apr 2018 06:14 am