बैंगलोर

प्लाग रन में संग्रहित हुआ 33.50 टन प्लास्टिक अपशिष्ट

प्लास्टिक मुक्त शहर के लिए जागरूक करने की पहल

2 min read
प्लाग रन में संग्रहित हुआ 33.50 टन प्लास्टिक अपशिष्ट

बनेगा विश्व कीर्तिमान: गांधी जयंती पर शहर के 50 क्षेत्रों में हुआ था आयोजन, गिनीज बुक में होगा दर्ज
शहर में रोजाना उत्सर्जित 5000 टन अपशिष्ट में 20 फीसदी प्लास्टिक
बेंगलूरु. गांधी जयंती पर आयोजित प्लाग रन ने बेंगलूरु के नाम एक नया रेकॉर्ड कायम किया है। इस रन में लोग स्वीडन की तर्ज पर जॉगिंग करने के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से कचरा बीनते हैं। प्लाग रन में शामिल करीब 7000 कार्यकर्ताओं ने 50 भिन्न क्षेत्रों में 33.4 टन प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया है जो एक दिन में 28.5 टन प्लास्टिक कचरा संग्रहण के पूर्ववर्ती गिनीज वल्र्ड रेकॉर्ड से कहीं ज्यादा है।
आइटी सिटी को प्लास्टिक मुक्त करने और प्लास्टिक उपयोग के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के मकसद से बृहद बेंगलूरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने शहर के विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर 2 अक्टूबर को प्लाग रन का आयोजन किया था। न सिर्फ बेंगलूरु बल्कि भारत के किसी शहर में आयोजित यह अपनी किस्म का पहला प्लाग रन था। बीबीएमपी आयुक्त मंजुनाथ प्रसाद ने कहा, प्लाग रन का आयोजन 50 भिन्न क्षेत्रों में किया गया और 100 किलोमीटर से ज्यादा सड़क क्षेत्र में हजारों लोगों ने करीब 12 घंटे तक प्लास्टिक चुनने का काम किया। एक दिन में 33,495.45 किलोग्राम यानी 33.4 टन प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहित किया गया।
उन्होंने कहा कि इसके पूर्व किसी शहर में 12 घंटे से कम समय में 28.5 टन प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्र करने का रेकॉर्ड था। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि पूर्ववर्ती रेकॉर्ड किस शहर के नाम था। आयोजकों के अनुसार प्लास्टिक अपशिष्ट में मुख्य रूप से प्लास्टिक की बोतलें एकत्र हुई हैं। इसके अतिरिक्त प्लास्टिक की थैलियां और अन्य प्लास्टिक उत्पाद भी शामिल हैं। पाालिका के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि एकत्रित प्लास्टिक अपशिष्ट में पानी के उपयोग हो चुके बोतलों की संख्या 10 लाख से ज्यादा है।
महापौर गंगाम्बिका एम. ने मंगलवार को एमजी रोड पर सुबह करीब 9 बजे झंडी दिखाकर प्लाग रन की शुरुआत की थी और रात 8.15 बजे यह अभियान समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य रूप से सड़कों और फुटपाथ तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों से प्लास्टिक अपशिष्ट चुनने का काम किया। इस प्रकार न सिर्फ प्लाग रन ने एक दिन में सर्वाधिक प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहित होने का रेकॉर्ड कायम किया, बल्कि इससे यह भी पता चलता है कि शहर में रोजाना सैकड़ों टन प्लास्टिक अपशिष्ट का उत्सर्जन होता है जो भूमि, जल और वायु प्रदूषण का कारक है।
सरकारी कार्यक्रमों में बोतलबंद पानी प्रतिबंधित
राज्य सरकार ने हाल ही में अपने एक आदेश में सभी सरकारी कार्यक्रमों, कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में बोतलबंद पानी के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है। इसके अतिरिक्त बीबीएमपी ने भी शादी समारोहों और अन्य निजी या सार्वजनिक कार्यक्रमों में बोतलबंद पानी के उपयोग को प्रतिबंधित किया है। बोतलबंद पानी के बदले सामान्य तरीके से गिलास में पानी परोसा जाएगा।

ये भी पढ़ें

साइबर अपराध रोकने के गुर सीखेंगे पुलिसकर्मी
Published on:
05 Oct 2018 12:25 am
Also Read
View All