कर्नाटक में सत्तारूढ़ गठबंधन को आगे बढ़ता देखना चाहते हैं लोग
बेंगलूरु. लोकसभा चुनावों से पहले नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रहे आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने उपचुनाव परिणामों को एनडीए के खिलाफ लहर बताया है। नायडू ने गुुरुवार को यह बात कही।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि कर्नाटक उपचुनाव में भाजपा की पराजय ने यह साबित कर दिया है कि केंद्र सरकार के खिलाफ अंदरूनी लहर चल रही है। परिणामों में जनता की मनोदशा साफ देखी जा सकती है कि वे सत्तारूढ़ गठबंधन को आगे बढ़ता देखना चाहते हैं। नायडू एचडी कुमारस्वामी और देवेगौड़ा से पद्मनाभनगर स्थित उनके आवास पर मुलाकात के बाद चेन्नई जाएंगे। चेन्नई में उनकी भेंट डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के विपक्षी नेता एमके स्टालिन से होगी। तेलुगू देशम पार्टी के सूत्रों के मुताबिक चंद्रबाबू नायडू का यह दौरा और प्रमुख नेताओं से मुलाकात का कार्यक्रम कर्नाटक में जद-एस-कांग्रेस गठबंधन की शानदार जीत के बाद तय किया गया है। सूत्रों का कहना है कि नायडू इसके बाद पश्चिम बंगाल और केरल भी जा सकते हैं जहां उनकी भेंट ममता बनर्जी और पी.विजयन से होगी। नायडू ने केंद्र की एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वास्तविक दिवाली तभी होगी जब केंद्र में एनडीए सरकार का कुशासन खत्म होगा। लोगों की आंखों में चमक देखना ही उनके लिए सही में दिवाली होगी।