बैंगलोर

येड्डि-रेड्डी गठजोड़ ईमानदारी का अपमान

राहुल गांधी गुरुवार को फिर एक बार प्रदेश दौरे पर उत्तर कन्नड़ के अंकोला पहुंचे और मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के साथ रोड-शो किया।
2 min read
• •
Updated: 27 Apr 2018, 6:15 AM IST
 मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या-राहुल गांधी

बेंगलूरु. चुनावी बिगुल बजने के लगभग एक महीने बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को फिर एक बार प्रदेश दौरे पर उत्तर कन्नड़ के अंकोला पहुंचे और मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के साथ रोड-शो किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

राहुल ने कहा कि कांग्रेस गरीबों की पार्टी है लेकिन भाजपा अमीरों का साथ देती है। मोदी सरकार ने पूंजीपतियों के ढाई लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया लेकिन देश के किसानों का कर्ज माफ नहीं करना चाहते। राहुल का रोड शो अंकोला शहर से होकर आसपास के गांवों से भी गुजरा। राहुल ने एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येड्डियूरप्पा और रेड्डी बंधुओं के साथ आने का मसला भी उठाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने बेल्लारी के रेड्डी बंधुओं को टिकट दे दिया है। पीएम मोदी भ्रष्टाचार का मुद्दा तो उठाते हैं लेकिन खुद 8 दागियों और भ्रष्टाचार के आरोपितों को टिकट देकर इसे बढ़ावा दे रहे हैं।

जिन्होंने इस राज्य को लूटा है पीएम मोदी उन्हें ही विधानसभा में लाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए येड्डियूरप्पा और रेड्डी भाइयों ने कर्नाटक को लूटने का काम किया। कांग्रेस सरकार ने उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा किया लेकिन अब उन्हें फिर से विधानसभा पहुंचाने की कोशिश हो रही है। यह राज्य के ईमानदार नागरिक और उनकी भावनाओं का अपमान है।


इससे पहले राहुल विशेष विमान से हुब्बल्ली पहुंचे जहां मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.जी परमेश्वर, लोकसभा में कांग्रेस के नेता एम.मल्लिकार्जुन खरगे, डीके शिवकुमार और एचके पाटिल सहित अन्य नेताओं ने उनकी अगवानी की। वहां से वे अंकोला में रोड शो के लिए निकल गए। रोड शो के दौरान रास्ते में दोनों तरफ खड़ी भीड़ ने राहुल गांधी का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और राहुल मुस्करा कर आभिवादन स्वीकार करते रहे। गांवों में पहुंचकर बस के ऊपर से ही नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस-भाजपा के चुनावी जंग को कांग्रेस और आरएसएस के बीच विचारधाराओं की लड़ाई कहा। राहुल गांधी का रोड शो कुमटा और होन्नावर भी पहुंचा। होन्नावर में वे सडक़ के किनारे खड़े लोगों से एक-एक कर हाथ मिलाए। शुक्रवार को राहुल तटीय कर्नाटक में होंगे जहां कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करेंगे।


उधर, भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे रेड्डी बंधुओं के साथ बीएस येड्डियूरप्पा के गठजोड़ पर राहुल का बयान भाजपा को पसंद नहीं आया। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार येड्डियूरप्पा ने राहुल के खिलाफ एक विवादित एवं गैर संसदीय शब्द का इस्तेमाल किया। राज्य को लूटने के बयान पर टिप्पणी करते हुए येड्डियूरप्पा ने इसे हास्यास्पद बताया और कहा कि यहां की जनता कांग्रेस को इसका पाठ पढ़ाएगी।

Published on: