
बेंगलूरु. पंद्रहवीं विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान के नतीजे मंगलवार को आएंगे लेकिन एग्जिट पोल के नतीजों पर राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच बयानों का दौर जारी है। हर नेता अपनी पार्टी की जीत और सरकार बनने का दावा कर रहा है। अधिकांश एग्जिट पोल में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना जताए जाने के बाद राजनीतिक सत्ता के संभावित समीकरणों को साधने में भी जुटे हैं।
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने जहां एग्जिट पोल के नतीजों पर कटाक्ष किया, वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा ने पार्टी को बहुमत मिलने की आस जताई। पूर्व प्रधानमंत्री व जनता दल (ध) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एच डी देवेगौड़ा ने एग्जिट पोल के नतीजों पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया।
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने भी कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि एग्जिट पोल नतीजों को दो दिन का मनोरंजन करार दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से सप्ताहांत की छुट्टियों का आनंद लेने के लिए कहा। सिद्धरामय्या ने रविवार सुबह किए ट्वीट में एग्जिट पोल नतीजों पर कटाक्ष किया। सिद्धरामय्या ने कहा कि एक्जिट पोल अगले दो दिनों के लिए मनोरंजन का साधन है। उन्होंने लिखा कि एक्जिट पोल उस व्यक्ति की तरह है, जिसे तैरना नहीं आता है, लेकिन उसे इस बात की तसल्ली है कि वह इसमें डूबेगा नहीं, क्योंकि उसे नदी की गहराई सिर्फ चार फुट बताकर भ्रमित किया गया है।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक एक्जिट पोल को लेकर चिंतित न हों, सप्ताहांत पर बेफिक्र होकर आराम करें। हम लौट रहे हैं।उधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा ने अपनी पार्टी की जीत और खुद के मुख्यमंत्री बनने का दावा करते हुए करते हुए कहा कि भाजपा विधानसभा की १२५ से १३० सीटें जीतकर सत्ता में आएगी। मतदान से पहले ही मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण करने की तारीख का ऐलान कर चुके येड्डियूरप्पा ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतेगी।
येड्डियूरप्पा ने कहा कि वे काफी लंबे समय से राजनीति में हैं और कई बार पूरे राज्य का दौरा कर चुके हैं। येड्डियूरप्पा ने कहा कि भाजपा के पक्ष में एक खामोश और मजबूत लहर था। सिद्धरामय्या सरकार और कांग्रेस से नाराज जनता बदलाव चाहती है। येड्डियूरप्पा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी लगातार संपर्क में हैं और पार्टी में हर कोई पूर्ण बहुमत के साथ चुनाव जीतने को लेकर आश्वस्त है। येड्डियूरप्पा ने कहा कि १७ मई को राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। येड्डियूरप्पा ने कहा कि कांग्रेस ७० से ज्यादा सीटें नहीं मिल पाएगी जबकि जद ध को २४-२५ सीटें ही मिल पाएगी।
कांग्रेस की सरकार बनेगी: परमेश्वर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. जी. परमेश्वर ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि पार्टी 224 सदस्यीय विधानसभा की 113 सीटों का जादुई आकंड़ा पार कर सत्ता में वापसी करेगी। परमेश्वर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं व उम्मीदवारों से मिले फीड बैक के आधार पर वे आश्वस्त हैं कि पार्टी 113 सीटों का जादुई आंकड़ा पार कर लेगी। उन्होंने त्रिशंकु जनादेश के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।
मतगणना की प्रतीक्षा करेें : देवेगौड़ा
देवेगौड़ा ने कहा कि एग्जिट पोल नतीजों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि मैं कुछ भी स्वीकार करने या खारिज करने को तैयार नहीं हूं, हमें 15 मई तक इंतजार करना चाहिए, तब हमें वास्तविकता का पता चलेगा। देवेगौड़ा के बेटे एचडी कुमारास्वामी ने शनिवार को कहा था कि चुनाव में चौंकाने वाले नतीजे आएंगे।
देवेगौड़ा ने त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में गठबंधन को लेकर कुछ नहीं बोला लेकिन उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में गठबंधन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। जद ध नेताओं का कहना है कि अगर त्रिशंकु विधानसभा बनती है तो उनकी पार्टी पहले किसी का समर्थन करने का फैसला नहीं करेगी। जिस पार्टी को समर्थन उसे हमारे पास आना चाहिए, फिर जो पार्टी हमारी शर्तों से सहमत होगी उसके साथ हम जाने के बारे में सोचेंगे।
औंधे मुंह गिरेंगे एग्जिट पोल : खरगे
कलबुर्गी. वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वे एक्जिट पोल को गंभीरता से नहीं लेते। कांग्रेस ऐसे पोल को गलत साबित करते हुए कर्नाटक में सत्ता में वापस लौटेगी। उन्होंने यहां रविवार को राज्य में खंडित जनादेश की संभावना को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस 120 सीटों के बहुमत के साथ फिर सत्ता संभालेगी। कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए किसी दूसरे दल के समर्थन की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी देश के मतदाताओं ने कई चुनाव सर्वे को झूठा साबित करते हुए स्पष्ट जनादेश दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ऐसी समीक्षाओं की चिंता नहीं करनी चाहिए।