बैंगलोर

‘चरमरा गई है कानून व्यवस्था, नींद से जागे सिद्धरामय्या सरकार’

प्रज्वल रेवण्णा मामले की जांच सीबीआई को सौंपे सरकार, भाजपा ने बोला कांग्रेस सरकार पर हमला, राज्यभर में विरोध प्रदर्शन

2 min read
May 19, 2024

बेंगलूरु. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीवाइ विजयेंद्र ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त हो चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा के प्रति चिंता जताते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या से तत्काल कदम उठाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि, काफी देर हो चुकी है। अब सरकार को नींद से जागना चाहिए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए। महिलाओं को सुरक्षा देने कदम उठाए जाने चाहिए। दरअसल, भाजपा भाजपा की महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया गया और सभी जिलों में उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपे। बेंगलूरु में वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक आलोक मोहन को एक ज्ञापन सौंपा।


एसआईटी से निष्पक्ष जांच संभव नहीं

एक सवाल के जवाब में विजयेंद्र ने कहा कि प्रज्वल रेवण्णा पर लगे महिलाओं के यौन उत्पीडऩ के आरोपों के संबंध में भाजपा का रुख बिल्कुल साफ है। राज्य सरकार को मामले को गंभीरता से लेना होगा और जांच सीबीआई को सौंपनी चाहिए। हर दिन इस मामले में नई बातें सामने आ रही हैं। इसलिए वे मांग करते हैं कि, बिना किसी देरी के प्रज्वल रेवण्णा मामले की जांच सीबीआई को दी जाए। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि, सरकार क्यों हिचकिचा रही है। मामलों को लेकर कई वरिष्ठ नेताओं के नाम भी सुनने में आ रहे हैं। विशेष जांच दल (एसआइटी) निष्पक्ष जांच नहीं कर सकता।


दोषी को मिले कड़ी सजा

उन्होंने कहा कि, भाजपा इस मामले में किसी का समर्थन नहीं कर रही है। केवल पीडि़त महिलाओं के लिए न्याय चाहती है। इस मामले का राजनीतिक फायदा उठाने के बजाय पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए मामला सीबीआई को तुरंत सौंपा जाना चाहिए। किसी भी पार्टी का सवाल नहीं है। यह एक जघन्य अपराध है और जो भी दोषी है, चाहे वह कितने भी बड़े हों, उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।

Updated on:
19 May 2024 08:03 pm
Published on:
19 May 2024 07:58 pm
Also Read
View All

अगली खबर