छल प्रपंच छोड़ो और सहज, सरल, आर्जव स्वभावी आत्मा का आश्रय लेकर रत्नात्रय के पथ पर आगे बढ़ो
बेंगलूरु. विल्सन गार्डन स्थित शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में साध्वी विनिव्रता के सान्निध्य में भगवान पुष्पदंत के निर्वाण महोत्सव पर निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया। इस अवसर पर साध्वी ने उत्तम आर्जव धर्म की महिमा बताते हुए कहा कि ये बहुमूल्य मनुष्य पर्याय हमें मायाचारी के लिए नहीं, बल्कि आत्म स्वरूप का निर्णय करने के लिए मिला है। इसलिए छल प्रपंच छोड़ो और सहज, सरल, आर्जव स्वभावी आत्मा का आश्रय लेकर रत्नात्रय के पथ पर आगे बढ़ो, जिससे यह मनुष्य पर्याय सार्थक हो।
दशहरा महोत्सव 10 अक्टूबर से
11 से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 व रात्रि 8 बजे दुर्गा सप्तसती का पाठ, पुष्पांजलि, आरती होगी
बेंगलूरु. सिद्धार्थ सांस्कृतिक समिति की ओर से 40वां दशहरा महोत्सव आगामी 10 से 19 अक्टूबर तक पैलेस ग्राउंड के प्रिसेंस श्राइन में मनाया जाएगा। दस दिवसीय दशहरा महोत्सव 10 अक्टूबर को अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.36 से दोपहर 12.24 बजे के बीच वैदिक रीति से कलश स्थापना से शुरू होगा। इसके बाद सहभोज व रात्रि में आरती, प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। 11 से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 व रात्रि 8 बजे दुर्गा सप्तसती का पाठ, पुष्पांजलि, आरती होगी। 16 को महासप्तमी पूजन, सहभोज, सांस्कृतिक कार्यक्रम, 17 को महाअष्टमी पूजन, रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 18 को महानवमी पूजन व 108 कन्याओं का पूजन होगा। महोत्सव का समापन 19 अक्टूबर को माता की विदाई के साथ अलसूर लेक में मूर्ति विसर्जन से होगा।
हर्षोल्लास से मनाई विश्वकर्मा जयंती
बेंगलूरु. भगवान विश्वकर्मा की जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। प्रवासियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र, फैक्ट्री, लोहे की दुकान, शोरूम, सर्विस सेंटर आदि प्रतिष्ठानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा विधि-विधान से की गई। भंडापुरा बुद्ध गिरि क्रॉस में जनसहयोग से श्रद्धा भक्ति के सथ विश्वकर्मा जयंती समारोह आयोजित कर विशेष पूजा की गई। इस मौके पर भक्ति संगीत में कलाकारों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। बम बम कुमार मिश्र, सचिन जोशी, राजेश जायसवाल, सुभेन्द्र मंडल, विष्णु कुमार, रविंद्र, राजन, चंदन, सुजीत, प्रणव, संजीव आदि का सहयोग रहा। भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।