बैंगलोर

सत्ताइस मूर्तियों में झलकी महात्मा गांधी की यादें

मैसूरु विवि में दिखी साबरमती आश्रम की प्रतिकृति देवेगौड़ा ने किया अनावरण

less than 1 minute read
mahatma gandhi
सत्ताइस मूर्तियों में झलकी महात्मा गांधी की यादें

मैसूरु. उच्चतर शिक्षा मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री जी.टी. देवेगौड़ा ने मंगलवार को मैसूरु विवि के मानसगंगोत्री कैंपस स्थित गांधी भवन में स्थापित सीमेंट और अन्य सामग्रियों से बनी महात्मा गांधी की 27 मूर्तियों का अनावरण किया।

इन मूर्तियों में छड़ी के साथ महात्मा गांधी की एक मूर्ति की ऊंचाई 11 फीट है, जो लंदन में स्थापित मूर्ति की ऊंचाई से दो फीट ज्यादा है। किसी मूर्ति में बापू को चरखा पर काम करते तो किसी में ध्यान में बैठे दर्शाया गया है।

एक अन्य मूर्ति में बापू लालटेन लेकर बच्चे के साथ चल रहे चल रहे हैं। जबकि दूसरे में रविन्द्रनाथ टैगोर के साथ हैं। इन मूर्तियों में उस लम्हे को भी कैद किया गया है जब बापू प्रसिद्ध दांडी मार्च में हिस्सा ले रहे थे। 10 लोग उनके पीछे चल रहे हैं।

गांधी भवन के निदेशक प्रो. एम.एस. शेखर ने बताया कि प्रदेश के 42 मूर्तिकारों ने इन मूर्तियों को बनाया है। कर्नाटक शिल्प कला अकादमी ने 20 लाख और मैसूरु विवि ने दो लाख रुपए का योगदान दिया है।

मैसूरु विवि के शताब्दी वर्ष की याद में अहमदाबाद स्थित प्रसिद्ध साबरमती आश्रम की प्रतिकृति गांधी भवन में बनाई गई है। जिसके अंदर इन मूर्तियों को रखा गया है।

Published on:
08 Nov 2018 05:38 pm