
बेंगलूरु. केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (केआइए) परजल्द ही देश का पहला ऐसा हवाई अड्डा बन जाएगा जहां सुरक्षा जांच के दौरान पुरुष और महिलाओं को अलग-अलग कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी। अगले साल मार्च तक केआइए पर हवाई यात्री अपने परिवार के सदस्यों के साथ सुरक्षा जांच के लिए बिना किसी कतार के एक साथ जा सकेंगे। यानी पुरुष और महिलाओं को अलग अलग पंक्तिबद्ध नहीं होना होगा।
केआइए के परिचालक बीआइएएल ने ऑटोमेटेड ट्रे रिट्रीवल (एटीआर) सिस्टम के साथ स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली स्थापित करने का निर्णय लिया है। इससे पुरुष और महिला को एक साथ एक ही कतार में रखकर सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। बीआइएएल के मुताबिक, इस नई तकनीक को देश में पहली बार बेंगलूरु में पेश की जाएगी और सुरक्षा जांच बिंदु पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षा समय को कम करने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बीआईएएल ने नई प्रणाली पेश करने के लिए एल 3 मैकडोनाल्ड हम्फे्र (ऑटोमेशन) इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौते किया है और पिछले साल प्रायोगिक परीक्षण शुरू किया था। मौजूदा समय में केआइए पर रोजाना 80 हजार से 85 हजार यात्री सुरक्षा जांच के दौरान गुजरते हैं।
----
कलासीपाल्या बस स्टैंड की हालत देख महापौर नाराज
बेंगलूरु. महापौर गंगाम्बिका मल्लिकार्जुन ने गुरुवार सुबह कलासीपाल्या बस स्टैंड का दौरा किया। जगह-जगह लगे कचरे के अंबार से फैल रही बदबू, सड़क के बीचों-बीच पार्क वाहन, फुटपाथ पर बगैर रोक-टोक चल रहा व्यापार, गिरे भवनों के मलबे के ढेर देख कर महापौर दंग रह गई।
बस स्टैंड की बदहाली पर महापौर के सवालों का बीबीएमपी के किसी अधिकारी के पास जवाब नहीं था।
अधिकारी एक-दूसरे का मुंह ताकते नजर आए। महापौर ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले एक दुकानदार से 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि बीएमटीसी बस स्टैंड का रखरखाव कर रहा है। बीबीएमपी की जमीन पर बीएमटीसी के अतिक्रमण करने से यहां कचरे का निस्तारण संभव नहीं हो रहा है। कलासीपाल्या मार्केट के रख्ररखाव का दायित्व एपीएमसी को सौंपा गया है। बीबीएमपी के आयुक्त मंजुनाथ प्रसाद को यातायात की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा गया है।