बैंगलोर

अंतरराष्ट्रीय स्तर के इवेंट सेंटर में तब्दील होगा दशहरा मैदान

दशहरा प्रदर्शनी मैदान को इस रूप में परिवर्तित करना है जिससे साल के 365 दिन यहां प्रदर्शनियां, कार्यक्रम, सम्मेलन और मनोरंजक कार्यक्रम होते रहें।

2 min read
Mar 12, 2018
Now Dussehra Ground will World class spots

मैसूरु. दशहरा प्रदर्शनी मैदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर के इवेंट सेंटर के रूप में परिवर्तित करने का मास्टर प्लान जल्द ही तैयार होने की उम्मीद है। अभी इस मैदान का उपयोग दशहरा के दौरान लगने वाली प्रदर्शनी के लिए होता है। पूरे वर्ष इसका कोई विशेष उपयोग नहीं होता, इसलिए कर्नाटक प्रदर्शनी प्राधिकरण (केईए) ने प्रस्ताव दिया था कि इसे एक इवेंट सेंटर के रूप में परिवॢतत किया जाए। केईए के चेयरमैन सिद्दराजू ने बताया कि हमारे प्रस्ताव के अनुसार दशहरा प्रदर्शनी मैदान को इस रूप में परिवर्तित करना है जिससे साल के 365 दिन यहां प्रदर्शनियां, कार्यक्रम, सम्मेलन और मनोरंजक कार्यक्रम होते रहें। केईए के प्रस्ताव के बाद राज्य सरकार ने मास्टर प्लान तैयार करने के लिए एक निजी एजेंसी नियुक्त की है। मास्टर प्लान में उन विकल्पों को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा जिसके अनुसार प्रदर्शनी मैदान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बदल जाए। साथ ही, सैलानियों से हमेशा गुलजार रहे। स्नो वल्र्ड की तर्ज पर कुछ स्थायी आकर्षण वाली कलाकृतियां भी विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने इस वर्ष के बजट में घोषणा की थी कि दिल्ली हाट के तर्ज पर मैसूरु हाट का निर्माण होगा। यह हाट भी प्रदर्शनी मैदान परिसर में ही लगेगा। केईए के सीईओ शशि कुमार ने बताया कि मैदान का पूरे वर्ष उपयोग करने की योजना है। इसके लिए एक साथ कई पहलकदमियां ली जाएंगी। मनोरंजक और आकर्षक विकल्प भी शामिल किए जाएंगे। इसे सम्मेलन स्थल के तौर पर भी विकसित किया जाएगा। मास्टर प्लान बनाने वाली एजेंसी की टीम ने हाल ही प्रदर्शनी मैदान का दौरा किया। ८० एकड़ का यह परिसर एक पर्यटन प्लाजा के रूप में होगा, जो पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र बन जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के इवेंट सेंटर में तब्दील होगा दशहरा मैदान IMAGE CREDIT: File Photo

2016 में आए 11 लाख पर्यटक
केईए के अनुसार 2016 में दशहरा प्रदर्शन मैदान में करीब 11 लाख पर्यटक प्रदर्शन देखने आए थे। पिछले वर्ष प्रदर्शन कराने का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंप दिया गया था, लेकिन कंपनी ने पर्यटकों की वास्तविक संख्या का आकंड़ा उपलब्ध नहीं कराया।
वित्त पोषण के लिए निजी कंपनियों का साथ
इस बावत जरूरी फंड जुटाने के संबंध में शशि कुमार ने कहा कि कुछ सुविधाओं को निजी कंपनियों के साथ मिलकर विकसित करने की योजना है। शेष वित्त पोषण राज्य सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि शहरी हाट की तर्ज पर दुकानों को संचालित करने के लिए जगह किराए पर दिया जाएगा। मास्टर प्लान मार्च के अंत तक बन जाने की संभावना है। इसके बाद काम पूरा करने के लिए सरकार निविदाएं आमंत्रित करेगी।
दूर होगी पार्किंग समस्या
केईए अपने इस परिसर में पर्यटक वाहनों के लिए 12 एकड़ भूखंड पर एक पार्किंग स्थल विकसित कर रहा है। इससे पर्यटकों की पार्किंग की समस्या दूर हो जाएगी। इसके अतिरिक्त पर्यटन विभाग के साथ मिलकर एकल पर्यटन प्लाजा निर्माण होना है जिसमें टिकटिंग, रेस्तरां और अन्य प्रकार की पर्यटक हितैषी सुविधाएं मौजूद रहेंगी। हालांकि, अब तक इस पर काम शुरू नहीं हो पाया है। मैसूरु में सालाना करीब ३३ लाख पर्यटक आते हैं। इस दौरान करीब तीन लाख वाहनों की पार्किंग में परेशानी होती है।

Published on:
12 Mar 2018 08:49 pm
Also Read
View All