बैंगलोर

अब लोस चुनाव में भाजपा को मात देने की रणनीति बनेगी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल और कुमारस्वामी करेंगे चर्चा
less than 1 minute read
• •
Updated: 9 Nov 2018, 7:25 PM IST
HDK
अब लोस चुनाव में भाजपा को मात देने की रणनीति बनेगी

बेंगलूरु. राज्य में हाल में हुए पांच सीटों के उपचुनाव में भाजपा को मात देने का सिलसिला अगले लोकसभा चुनाव में भी जारी रखने और दक्षिणी राज्यों में भाजपा के बढ़ते कदमों को रोकने के मकसद से मुख्यमंत्री कुमारस्वामी व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अगले सप्ताह रणनीति पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

पांच सीटों के उपचुनाव में गठबंधन को मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान कर्नाटक में भाजपा की जीत का सिलसिला रोकने पर भी चर्चा हुई।

सूत्रों का कहना है कि विस्तार से चर्चा के लिए राहुल गांधी ने कुमारस्वामी को दिल्ली बुलाया है। राहुल के बुलावे पर मुख्यमंत्री कुमारस्वामी अगले सप्ताह दिल्ली जाएंगे।

उपचुनावों में सफलता मिलने के बाद दोनों दलों के नेताओं ने अगले लोकसभा चुनाव में भी गठबंधन जारी रखने की पहले ही घोषणा कर दी है।

बताया जाता है कि दोनों नेताओं की बैठक में गठबंधन के स्वरूप, सांझी रणनीति, सीटों का बंटवारा, संयुक्त चुनाव अभियान सहित विभिन्न मसलों पर खुलकर बातचीत होगी।

सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडुराव भी बैठक में भाग ले सकते हैं।

इसी दौरान मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Published on: