राज्य में बना विश्व रिकॉर्ड
बेंगलूरु. अपनी तरह के अनूठे कार्यक्रम में शुक्रवार को कन्नड़ व संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित कोटि कंठ गायन कार्यक्रम में कन्नड़ भाषा व संस्कृति के प्रति लगाव दिखाते हुए एक करोड़ से अधिक लोगों ने कन्नड़ के गीतों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम को राज्य के विभिन्न हिस्सों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। जिसमें अनुमानत: एक करोड़ से अधिक लोगों ने कन्नड़ गीत गाए। इस दौरान ‘जय भारत जननीय तनुजाते, जय हे कर्नाटक माते’ जैसे गीत गुंजायमान हुए।
मालूम हो कि एक नवंबर को मनाए जाने वाले कर्नाटक राज्योत्सव (राज्य स्थापना दिवस) के उपलक्ष्य में कन्नड़ और संस्कृति विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न हिस्सों में सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने विधान सौधा परिसर में किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि पूरे कर्नाटक में एक करोड़ से अधिक लोगों ने एक साथ कोटि कंठ गायन कार्यक्रम में गाया, जो कि एक विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि इसमें कन्नड़ भाषा और संस्कृति के लिए लोगों का प्यार झलकता है।