बैंगलोर

हिन्दी सहज, सरल और सुगम्य भाषा

कार्मल हाई स्कूल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम

2 min read
हिन्दी सहज, सरल और सुगम्य भाषा

विद्यार्थियों ने दीं सांस्कृतिक-साहित्यिक प्रस्तुतियां

बेंगलूरु. बसवेश्वरनगर स्थित कार्मल हाई स्कूल की ओर से बुधवार को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक-साहित्यिक प्रस्तुतियां दीं। बाल मजदूरी पर नाट्य प्रस्तुति प्रेरणास्पद रही। विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों ने रंगीलो राजस्थान पर आकर्षक नृत्य पेश किया, हिंदी दिवस के महत्व पर गीत प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने हिन्दी के विकास पर बल दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान पत्रिका के स्थानीय संपादक राजेंद्रशेखर व्यास और विशिष्ट अतिथि व्यवसायी प्रकाश बलघट थे। इस अवसर पर व्यास ने कहा कि हिंदी हमारे देश की भाषा है। इस दिवस की महत्ता एक दिन की नहीं, बल्कि प्रतिदिन की है। उन्होंने कहा कि हिन्दी भाषा सहज, सरल और सुगम्य है, जो सम्पर्क के जरिए पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण को एकसूत्र में पिरोती है। उन्होंने विद्यालय के मुख्य प्रबंधक रोशन मेनेजस और डायरेक्टर ऑफ एकेडमी डोरथी मेनेजस की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों को हिन्दी सीखने के लिए प्रोत्साहित कर इस भाषा के विकास में अहम योगदान कर रहे हैं। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रकाश बलघट की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में हिंदी विभाग द्वारा विद्यालय के प्रबंधक को पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की तस्वीर प्रदान की गई। संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष सरला जैन ने किया।
एफसीआइ में हिंदी पखवाड़ा शुरू
बेंगलूरु. हिंदी के प्रयोग को बढावा देने के उद्देश्य से भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) जिला कार्यालय में बुधवार को 'हिंदी पखवाडा' का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र प्रबंधक अरविंद कुमार पाठक सहित निगम के कई अधिकारी उपस्थित थे। अरविंद कुमार पाठक ने दीप प्रज्वलित कर हिंदी पखवाडे का उद्घाटन कर राजभाषा संबंधी नियमों और कार्यालय मे राजभाषा के कार्यों की प्रस्तुती दी। उन्होंने श्रुतलेखन प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। संचालन मनोज कुमार साव द्वारा किया गया।

ये भी पढ़ें

पर्युषण पर्व परीक्षा के दिन की भांति

ये भी पढ़ें

अंतरिक्ष प्रदर्शनी में गगनयान आकर्षण का केंद्र
Published on:
07 Sept 2018 12:45 am
Also Read
View All