प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में एससी, एसटी और ओबीसी परिवारों को झुग्गियों में रहने के लिए मजबूर किया गया था। उन लोगों ने सरकार से सारी उम्मीदें खो दी थीं। मोदी सरकार में इन लोगों का खोया हुआ विश्वास फिर से वापस लौट आया है और पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं।
बेंगलूरु. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चिक्कबल्लापुर में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष को आड़े हाथों लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के सबसे बड़े लाभार्थी एससी, एसटी और ओबीसी परिवार हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में एससी, एसटी और ओबीसी परिवारों को झुग्गियों में रहने के लिए मजबूर किया गया था। उन लोगों ने सरकार से सारी उम्मीदें खो दी थीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में इन लोगों का खोया हुआ विश्वास फिर से वापस लौट आया है और पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं।
पीएम ने कहा कि मैंने घर पर महिलाओं के सामने आने वाली सभी चुनौतियों को देखा है। भारत और दुनिया के सभी प्रमुख नेता मेरे खिलाफ एकजुट हो गए हैं, लेकिन यह महिलाओं का आशीर्वाद है कि आपने मुझे जो सुरक्षा कवच दिया है, उससे मैं सभी चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हूं। उन्होंने कहा कि हमने एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया और अब हमारा अगला लक्ष्य तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है, जिनकी सालाना आय 1 लाख रुपये से ज्यादा होगी।
पीएम मोदी ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि आज मैं अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आप सभी के बीच आया हूं। आपके लिए मैंने दिन-रात मेहनत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आपका सपना मेरा संकल्प है और मेरे जीवन का प्रत्येक क्षण आपके और देश के लिए समर्पित है उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ नीतियां नहीं बनाता, मैं गारंटी भी देता हूं और इसके लिए में 2047 तक हर दिन 24 घंटे काम करूंगा।
विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि इंडिया ब्लॉक के पास ना तो वर्तमान में कोई नेता नहीं है और ना ही भविष्य के लिए कोई दृष्टिकोण है। उनका इतिहास घोटालों से भरा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को सबसे कम महत्व दिया जाता था और जो लोग पंक्ति में आखिरी स्थान पर खड़े होते थे, उन लोगों को एनडीए सरकार ने पहले स्थान पर पहुंचाया। पीएम ने कहा कि 2014 में एनडीए ने पहली बार एक एससी राष्ट्रपति के रूप में नामित किया था। इसके बाद 2019 में एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया । यह हमारी सरकार है जिसने बाबा साहब अंबेडकर से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण के मतदान ने देश का उत्साह बढ़ाया और यह उत्साह मैं यहां भी देख सकता हूं। पहले चरण का मतदान एनडीए और हमारे विकसित भारत के दृष्टिकोण के पक्ष में था। उन्होंने कहा कि मैं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को उनकी सक्रियता के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं।