बैंगलोर

सिद्धरामय्या सीएम पद के लिए स्वभाविक पसंद नहीं

सिद्धरामय्या भले ही कांग्रेस के दुबारा सत्ता में आने पर खुद को मुख्यमंत्री बनना तय मान रहे हों लेकिन वरिष्ठ नेताओं के अनुसार तो ऐसा नहीं है।
2 min read
• •
Updated: 25 Apr 2018, 5:40 AM IST
KHARGE

बेंगलूरु. सिद्धरामय्या भले ही कांग्रेस के दुबारा सत्ता में आने पर खुद को मुख्यमंत्री बनना तय मान रहे हों लेकिन वरिष्ठ नेताओं के अनुसार तो ऐसा नहीं है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के बयान से तो मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर की खींचतान के साथ सिद्धरामय्या की दावेदारी पर सवाल खड़ा कर दिया है।

खरगे ने कलबुर्गी में मंगलवार को कहा कि अगर चुनाव के बाद कांग्रेस सत्ता में आती है तो आलाकमान निर्वाचित विधायकों की राय से मुख्यमंत्री तय करेगा। खरगे ने कहा कि सिद्धरामय्या मुख्यमंत्री पद के लिए स्वभाविक पसंद नहीं हैं। हालांकि, कांग्रेस चुनाव सिद्धरामय्या के नेतृत्व में लडऩे पर जोर देती रही लेकिन सत्ता मिलने पर मुख्यमंत्री को लेकर असमंजस बना हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रदेश के चुनावी दौरे के समय कई बार इस सवाल के बावजूद सिद्धरामय्या के नाम की घोषणा नहीं हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.जी परमेश्वर भी कहते रहे हैं कि अगला मुख्यमंत्री चुनाव के बाद ही तय होगा। अब खरगे के बयान का भी यही संकेत है कि सत्ता मिलने पर भी सिद्धरामय्या को मुख्यमंत्री पद हासिल करना आसान नहीं होगा।


यह पूछे जाने पर कि क्या आलाकमान ने अगला मुख्यमंत्री तय कर लिया है खरगे ने कहा कि यह बेवजह का विवाद है।’ सिद्धरामय्या अभी मुख्यमंत्री हैं। वह चुनावी अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं और कैप्टन हैं। जब भी पार्टी चाहेगी तो किसी को भी बदल सकती है क्योंकि अंतिम निर्णय आलाकमान के हाथ है। आलाकमान चुनावों के बाद निर्वाचित विधायकों से राय-मशविरा कर तय करेगा कि कौन मुख्यमंत्री होगा।’

कांग्रेस का समर्थन करेंगे शरद
विधानसभा चुनाव के लिए गठजोड़ को लेकर बातचीत नहीं बनने के बाद अब जनता दल (यू) के बागी गुट के नेता शरद यादव ने कांग्रेस को समर्थन देेन की घोषणा की है। शरद गुट कांग्रेस से उन ७-८ सीटों की मांग कर रहा था जहां पिछले चुनाव में कांग्रेस हार गई थी लेकिन कांग्रेस ने शरद के प्रस्ताव के ठुकरा दिया।

शरद यादव ने मंगलवार को दिल्ली में कहा कि राज्य में कुछ सीटों पर उनके अगुवाई वाले गुट का प्रभाव है, लेकिन उन्होंने इन सीटों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। शरद गुट कांग्रेस का समर्थन करेगा। शरद ने कहा कि कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लडऩे के लिए सीटों की साझेदारी की बात नहीं बन पाने के कारण चुनाव में भाजपा को हराने के लिए उनके कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का समर्थन करने के फैसले का समर्थन किया है। शरद ने कहा कि कांग्रेस पर सीटों की साझेदारी के लिए दबाव बनाने के बजाय मौजूदा परिस्थतियों में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस का समर्थन करना सार्थक है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस भाजपा पर भारी पड़ रही है।

Published on: