
बेंगलूरु. केंंद्रीय रेशम बोर्ड चौराहे (सिल्क बोर्ड जंक्शन) पर प्रस्तावित 2.84 किलोमीटर के एलिवेटेड सड़क निर्माण के लिए निविदार्थियों ने रुचि नहीं दिखाई है। नतीजतन अब बेंगलूरु मेट्रो रेल निगम को 134 करोड़ रुपए की परियोजना के लिए दोबारा निविदा आमंत्रित करना पड़ा है। निगम के प्रबंध निदेशक अजय सेठ ने कहा कि हम परियोजना के लिए फिर से निविदा आमंत्रित कर रहे हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा इच्छुक इसमें बोली में शामिल हो सके।
आउटर रिंग (बाहरी मुद्रिका) रोड पर बन रहे मेट्रो कॉरिडोर के सामानांतर चार लेन वाले इस एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण रागीगुड्डा से सिल्क बोर्ड तक होना है। इसके निर्माण से वाहन परिचालन सुगम होगा और पूरी दूरी अधिकतम पांच से सात मिनट में तय हो सकेगी, जिसके लिए अभी 20 से 30 मिनट तक यातायात जाम में जूझना पड़ता है। एलिवेटेड सड़क से इलेक्ट्रॉनिक सिटी, बीटीएम लेआउट, मारतहल्ली और एचएसआर लेआउट के लिए सीधा मार्ग प्रशस्त होगा।
निगम ने इस वर्ष अप्रैल में निविदा जारी की थी, लेकिन मात्र दो कंपनियां ही बोली में शामिल हुईं। सूत्रों के अुनसार तकनीकी चरण में निगम ने एक कंपनी को खारिज कर दिया, जिसके बाद एक ही कंपनी दौड़ में बची इसलिए पूरी निविदा को रद्द किया गया। बोली प्रक्रिया में कम कंपनियों के शामिल होने के सवाल पर एक निर्माण कंपनी का कहना है कि निगम ने जो अनुमानित लागत रखा है, वह बेहद कम है। कंपनी का मानना है कि परियोजना के लिए अनुमानित लागत 200 करोड़ रुपए से कम नहीं होना चाहिए, लेकिन मात्र 134 करोड़ रुपए ही निर्धारित किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष जनवरी-2017 में राज्य सरकार ने सिल्क बोर्ड जंक्शन पर रोड सह मेट्रो रेल एलिवेटेड परियोजना को स्वीकृति दी थी।
इसमें रागीगुड्डा से सिल्क बोर्ड तक सड़क निर्माण के अतिरिक्त सिल्क बोर्ड के दो छोरों पर आरवी रोड-बोम्मसन्द्रा मेट्रो स्टेशन और सिल्क बोर्ड-के.आर. पुरम लाइन मेट्रो स्टेशन का निर्माण होगा जो इंटरचेंज होंगे। हालांकि, बोलीदाताओं के रुचि नहीं लेने से अब परियोजना में विलंब होना तय लग रहा है। नई निविदा प्रक्रिया में परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य वर्ष-2020 रखा गया है और निविदार्थी 28 अगस्त तक बोली जमा कर सकते हैं।
8 मीटर ऊंची होगी एलिवेटेड रोड
एलिवेटेड सड़क की ऊंचाई जमीन से 8 मीटर ऊपर होगी जबकि 16 मीटर की ऊंचाई पर मेट्रो लाइन का निर्माण होगा। चार लेन वाले एलिवेटेड सड़क की चौड़ाई 20 मीटर होगी और यह बिना किसी सिग्रल पर रुके हुए इलेक्ट्रानिक सिटी, एचआरएस लेआउट, जयदेवा अस्पताल और बीटीएम लेआउट की ओर से आवागमन हो सकता है।
सिल्क बोर्ड से मिलेगी दो एकड़ भूमि
सिल्क बोर्ड पर मेट्रो स्टेशन बनाने के लिए बोर्ड ने निगम को 2 एकड़ भूमि प्रदान करने पर सहमति जताई है। यहां दोनों स्टेशनों का निर्माण होगा जो इंटरचेंज रहेगा। इससे आरवी रोड से बोम्मसन्द्रा और सिल्क बोर्ड से के.आर. पुरम जाने वाले मेट्रो यात्री यहां मेट्रो बदल सकेंगे।