बैंगलोर

पर्पल लाइन पर शुरू हुई दूसरी छह कोचों वाली मेट्रो

मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने दिखाई झंडी, मेट्रो से पहुंचे नागसान्द्रा

2 min read
पर्पल लाइन पर शुरू हुई दूसरी छह कोचों वाली मेट्रो

नवम्बर से हर महीने तीन छह कोच वाली मेट्रो जोड़े जाएंगे
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को नम्मा मेट्रो की दूसरी छह कोचों वाली मेट्रो को झंडी दिखाकर रवाना किया। उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर, लोकसभा सदस्य पी.सी. मोहन, बीबीएमपी महापौर गंगाम्बिका एम., बेंगलूरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) के प्रबंध निदेशक अजय सेट आदि की उपस्थिति में कुमारस्वामी ने ट्रेन को झंडी दिखाई। मेट्रो का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं तथा अधिकारियों ने मेट्रो से नागसान्द्रा तक का सफर किया।
छह कोचों वाली दूसरी मेट्रो का परिचालन भी पर्पल लाइन (बायप्पनहल्ली से मैसूरु रोड) पर शुरू हुआ। इसी लाइन पर 23 जून को पहली छह कोचों वाली मेट्रो का परिचालन शुरू हुआ था। बीएमआरसीएल का कहना है कि चूंकि ग्रीन लाइन की तुलना में पर्पल लाइन पर ज्यादा यात्री सफर करते हैं इसलिए दोनों छह कोचों वाली मेट्रो को इसी लाइन पर चलाने का निर्णय लिया गया। छह कोचों वाली मेट्रो में कुल 2004 यात्री सफर कर सकते हैं जबकि मौजूदा तीन कोचों वाली मेट्रो की अधिकतम यात्री क्षमता 975 है।
बीएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक अजय सेठ ने कहा कि नवंबर महीने से हर महीने नम्मा मेट्रो के बेड़े तीन छह कार वाली ट्रेनों को शामिल किया जाएगा जिससे यात्रियों को भीड़ से राहत मिलेगी और उनकी यात्रा ज्यादा आरामदायक होने लगेगी। उन्होंने कहा कि छह कोचों वाली तीसरी मेट्रो को जोडऩे का काम चल रहा है। वहीं अक्टूबर के अंत तक एक और छह कोच वाली मेट्रो की आपूर्ति हो जाएगी जबकि भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीइएमएल) अगले महीने से हर महीने मेट्रो के तीन सेट की आपूर्ति करने लगेगा। ग्रीन लाइन (नागसान्द्रा-येलचनहल्ली) पर छह कार वाली ट्रेन की शुरूआत के बारे में पूछे जाने पर प्रबंध निदेशक ने कहा कि पर्पल लाइन पर चार और ऐसी छह कोचों वाली ट्रेनों को शुरु करने के बाद ग्रीन लाइन पर छह कोच वाली मेट्रो शुरू होगी।

ये भी पढ़ें

प्लाग रन में संग्रहित हुआ 33.50 टन प्लास्टिक अपशिष्ट
Published on:
05 Oct 2018 12:45 am
Also Read
View All