राजाजीनगर निवासी ललित कुमार जैन को जोनल हेड जोस पी ने स्मार्ट फोन प्रदान किया
बेंगलूरु. राजस्थान पत्रिका के मेगा मानसून ऑफर के तहत पुरस्कारों का वितरण शुरू हो गया है। विजेताओं को पुरस्कार यहां पत्रिका कार्यालय में प्रदान किए जा रहे हैं। कार्यालय में मंगलवार को आयोजित समारोह में स्मार्ट फोन और इंडक्शन प्लेट का वितरण हुआ। राजाजीनगर निवासी ललित कुमार जैन को जोनल हेड जोस पी ने स्मार्ट फोन तथा राजराजेश्वरी नगर निवासी मोतीलाल दुग्गड़ को मार्केटिंग कंसल्टेंट गिरीश राय ने इंडक्शन प्लेट पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए।
मंगल मुखी, सदा सुखी का संदेश देता है मंगलवार
मैसूरु. वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ सिद्धार्थनगर सीआइटीबी परिसर में श्रुत मुनि ने सात वार में मंगलवार को मंगल की व्यख्या करते हुए कहा कि मंगल यदि नीच का हो तो काम में रूकावट एवं बाधा पहुचाना है। मंगलवार हमें मंगल मुखी सदा सुखी का संदेश देता है। मंगलवार का वर्ण लाल है एवं कर्तव्य पालना, धैर्य, साहस एवं मंगलरूप वर्ण है। कुंडली में यदि मंगल उच्च का है तो यह साहस बढ़ता है, सात्विक बढ़ाता है कर्तव्यनिष्ठ होता है एवं धर्म मंगल को स्वीकार करता है।
सुबह पैंसठिया यंत्र के जाप के बीच राजकुमार जीतेंद्र कुमार आंचलिया परिवार द्वारा चांदी के कलश की स्थापना की गई। केजीफ से आनंद महिला मंडल ने मुनि के दर्शन किए। संघ अध्यक्ष सम्पत कोठारी, मंत्री मदनलाल पोरवाड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने पैंसठिया यंत्र जाप में भाग लिया। अशोक बोहरा व भीकम पीपाड़ा ने विधायक रामदास का सम्मान किया।
संसार का दूसरा नाम दुख का धाम
बेंगलूरु. शंखेश्वर पाŸवनाथ जैन संघ, राजाजीनगर में आचार्य मुक्ति सागर सूरी ने कहा कि संसार नाम दुख का धाम है। यह संसार दुख से भरपूर है। सिर के बाल शायद आप गिन सकोगे परंतु आपकी चिंताए अनगिनत है। उन्होंने कहा कि एक चिंता पूरी नहीं होती और दूसरी उससे भी भयंकर शुरू हो जाती है। चिंता तो चिता से भी बढ़कर है। चिता सिर्फ मुर्दे को जलाती है, मगर चिंता तो जिंदा इंसान को भी जलाकर राख कर देती है। आचार्य ने कहा कि समुद्र चारों तरफ से खारा ही है, ठीक वैसे ही संसार में हर समय हर जगह हर किसी को बस दुख मिल रहा है। ट्रस्टी जयंतीभाई ने बताया कि नौ दिवसीय अखंड जाप एवं मांत्रिक विधान के साथ नवकार महामंत्र की आराधना चल रही है।