बैंगलोर

बेंगलुरु रेलवे थाने में महिला कांस्टेबल पर हमला, मोबाइल की शिकायत को लेकर युवक ने सिर पर मारी लोहे की रॉड

Woman Constable Attack: मोबाइल गुम होने की शिकायत को लेकर थाने पहुंचे युवक ने ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर कई वार किए, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
2 min read
Aug 27, 2026
Woman Constable Attack
रेलवे पुलिस। फाइल फोटो

बेंगलुरु। मेजेस्टिक रेलवे पुलिस थाने में मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे एक युवक ने ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। 28 वर्षीय कांस्टेबल शिल्पा के सिर पर सात से आठ वार किए जाने की बात सामने आई है और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार शिल्पा के गर्भवती होने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और सिर में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।

शिकायत दर्ज नहीं होने से नाराज

घटना के वक्त शिल्पा मेजेस्टिक रेलवे पुलिस थाने में ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान गजेंद्र नाम का युवक अपना मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा। उस समय थाने में कोई अन्य कर्मचारी मौजूद नहीं था। शिल्पा ने उसे बताया कि संबंधित कर्मचारी अभी उपलब्ध नहीं हैं और सुबह बाद में आकर शिकायत दर्ज करा सकता है। बताया जा रहा है कि युवक पहले वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस थाने पहुंच गया। पुलिस के अनुसार वह शिकायत दर्ज नहीं होने से नाराज था।

सात से आठ बार लोहे की रॉड से वार

उसने थाने में बैरिकेड पर रखी लोहे की रॉड उठाई और अंदर बैठी शिल्पा पर हमला कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने शिल्पा के सिर पर करीब सात से आठ बार लोहे की रॉड से वार किए। अचानक हुए हमले से थाने में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर वहां पहुंचे सहकर्मियों ने घायल कांस्टेबल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। शिल्पा को पहले मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। बाद में उनकी हालत को देखते हुए उन्हें राजाजीनगर स्थित सुगुना अस्पताल में रेफर किया गया। वह अभी भी गंभीर सिर की चोटों का इलाज करा रही हैं।

पुलिस ने गजेंद्र को गिरफ्तार किया

हमले के बाद रेलवे पुलिस ने गजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। बेंगलुरु सिटी रेलवे पुलिस थाने में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के हमले की वजह और थाने से जाने के बाद दोबारा लौटने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। शिल्पा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि हमले के दौरान युवक का रवैया ऐसा था, जैसे वह उन्हें जान से मार देना चाहता हो। बताया गया है कि आरोपी हमला करते समय हिंदी में बोल रहा था। उसने कथित तौर पर कहा कि उसकी शिकायत क्यों नहीं ली जा रही है और ड्यूटी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।

Updated on:
27 Aug 2026 03:17 pm
Published on:
27 Aug 2026 03:16 pm