Banswara Latest Hindi News, Kushalgarh Nagar Palika Chunav : निर्वाचन अधिकारी ने दिलाई शपथ
कुशलगढ़. कुशलगढ़ नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बबलू मईड़ा को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। नाम वापसी की अंतिम तिथि पर तय समय पूर्ण होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी बद्रीलाल सुथार ने मईड़ा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कुशलगढ़ नपा के बीस वार्ड के लिए हुए चुनाव में भाजपा को 15, कांग्रेस को 2 और निर्दलीय को 3 सीटें मिली थी। कांग्रेस के जीते दो पार्षद आरक्षित वर्ग के नहीं होने के कारण अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं कर पाए। निर्दलीय पार्षदों ने नामंाकन नहीं भरा। भाजपा ने वार्ड 17 से जीते बबलू मईड़ा को उम्मीदवार बनाया था। एकमात्र नामांकन होने के कारण नाम वापसी के बाद उसे अध्यक्ष घोषित किया गया।
बैरागी को मिला निर्दलियों का भी समर्थन
भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष नितेश बैरागी उपाध्यक्ष चुन लिए गए है। बैरागी को तीन निर्दलियों का भी समर्थन मिला और कुल 18 वोट मिले। वहीं कांग्रेस की ओर से जैनब ने चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे दो ही वोट मिले है। समझा जा रहा है कि जैनब को एक स्वयं का और एक वोट रजनीकांत खाब्या का हासिल हुआ है। पहले ही नितेश बैरागी का उपाध्यक्ष बनना तय था, लेकिन निर्दलियों के वोट मिलने पर संशय था।
विजयी जुलूस निकाला
जीत की घोषणा के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित भाजपाइयों ने विजय जुलूस निकाला। जिसमें पूर्व संसदीय सचिव भीमाभाई डामोर, प्रधान कानहिंग रावत, प्रवीण गादिया, पूर्व मण्डल अध्यक्ष कमलेश कावडिय़ा, पूर्व पालिका अध्यक्ष रेखा जोशी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष लीला पडियार आदि मौजूद रहे।